अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड की राजनीति में एक बार फिर बड़ा बदलाव हुआ है। बरही के पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला ने अपने हजारों समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी में दोबारा वापसी कर ली है। रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में यह ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहाँ फूल-माला, पट्टा और नारों के बीच उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, वरिष्ठ नेता शहजादा अनवर, जयशंकर पाठक और केदार पासवान समेत कई दिग्गज मौजूद रहे। पूरा हॉल “उमाशंकर अकेला जिंदाबाद, राहुल गांधी जिंदाबाद, खड़गे जी जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा।
कांग्रेस में लौटे तो झूम उठे समर्थक
समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए खुशी जताई। जगह-जगह पोस्टर, बैनर और बधाई संदेशों से पूरा परिसर सजा हुआ था। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उमाशंकर अकेला के आने से उत्तर छोटानागपुर क्षेत्र में पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी।
टिकट विवाद के बाद सपा का रुख, अब फिर घर वापसी
यहां याद दिला दें कि उमाशंकर अकेला ने 2019 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर जीत दर्ज की थी। लेकिन 2024 में टिकट न मिलने के बाद उन्होंने अस्थायी रूप से समाजवादी पार्टी का रुख किया था। अब वापसी के साथ उन्होंने कहा… मैं वहीं हूं, जहां से क्षेत्र में पार्टी को नई मजबूती दी थी।
इधर, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उमाशंकर अकेला की घर वापसी से कांग्रेस को उत्तर छोटानागपुर में नई मजबूती मिलेगी। साथ ही, कार्यकर्ताओं में भी नया उत्साह और विश्वास का संचार हुआ है।
इसे भी पढ़ें : बुझा चूल्हा, खाली बर्तन और बंद केंद्र… गढ़वा में गरीबों की थाली से उड़ा सरकारी निवाला

