अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता गोविंदा की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के जुहू क्रिटिकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोविंदा घर पर बेहोश हो गए थे, जिसके बाद परिवार ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी कड़ी निगरानी में इलाज कर रही है।
जानकारी के अनुसार, गोविंदा अपनी तबीयत बिगड़ने से एक दिन पहले ब्रीच कैंडी अस्पताल में अभिनेता धर्मेंद्र से मिलने गए थे। उनके करीबी दोस्त और वकील ललित बिंदल ने बताया कि “गोविंदा थोड़ा असहज महसूस कर रहे थे। उनके सभी मेडिकल टेस्ट पूरे हो चुके हैं और अब रिपोर्ट्स व न्यूरो कंसल्टेशन का इंतजार है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।”
यह पहली बार नहीं है जब गोविंदा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले साल अक्टूबर 2024 में भी एक हादसे के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। उस समय उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गलती से गोली चल गई थी, जो उनके घुटने में लग गई थी।
उस घटना के बाद गोविंदा तीन अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती रहे थे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया था कि यह हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ, जब वे कोलकाता जाने की तैयारी कर रहे थे। अचानक रिवॉल्वर गिर गई और चल गई, जिससे उन्हें चोट लगी।
फिलहाल, फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के साथी कलाकार गोविंदा के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : “वीरू पाजी” हुए डिस्चार्ज, लौटे घर

