अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : राजधानी पटना में अब घर या दुकान किराए पर लेना पहले से काफी महंगा पड़ने वाला है। पटना नगर निगम ने शहर की 112 सड़कों का नया वर्गीकरण किया है, जिसके चलते कई इलाकों में होल्डिंग टैक्स और किराया दोनों बढ़ जाएंगे। निगम ने 43 सड़कों को ‘प्रधान मुख्य सड़क’ और 69 सड़कों को ‘मुख्य सड़क’ की श्रेणी में रखा है। पहले शहर में सिर्फ 24 प्रधान मुख्य सड़कें और 88 मुख्य सड़कें थीं। अब कंकड़बाग, किदवईपुरी, कांग्रेस मैदान, बुद्ध मार्ग, आशियाना-दीघा रोड, अशोक राजपथ और हनुमान नगर जैसी सड़कों को प्रधान मुख्य सड़क का दर्जा मिल गया है।
इसके अलावा हार्डिंग रोड, अनुग्रह नारायण पथ, चिरैयाटांड़-इंगलिश रोड, करबिगहिया रोड, विद्यापति मार्ग, सिन्हा लाइब्रेरी रोड जैसी कई अन्य सड़कें भी अब प्रधान मुख्य श्रेणी में आ गई हैं। वहीं बाकरगंज दलदली रोड, चांदमारी रोड, गांधी पथ, जमाल रोड और गोविंद मित्रा रोड आदि को मुख्य सड़क की कैटेगरी दी गई है।
नया वर्गीकरण सड़क की चौड़ाई के आधार पर किया गया है – 40 फुट से ज्यादा चौड़ी सड़कें प्रधान मुख्य, 20 से 40 फुट तक मुख्य और इससे कम चौड़ी अन्य सड़कें कहलाएंगी। इससे इन इलाकों में जमीन के मार्केट रेट बढ़ेंगे, खरीद-बिक्री महंगी होगी और साथ ही आवासीय व व्यावसायिक संपत्तियों पर होल्डिंग टैक्स भी ज्यादा लगेगा।
नगर विकास विभाग की मंजूरी के बाद यह बदलाव लागू किया गया है। नियम के मुताबिक अब हर पांच साल में सड़कों के वर्गीकरण की समीक्षा होगी और जरूरत पड़ने पर संशोधन भी किया जा सकेगा। यह पूरी प्रक्रिया बिहार नगरपालिका संपत्ति कर नियमावली-2023 के तहत की गई है।
इसे भी पढ़ें : रात के अंधेरे में धधक उठी आरओ प्लांट, फिर क्या हुआ… जानें

