अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamtara : जामताड़ा शहर के मुख्य बाजार स्थित कायस्तपाड़ा चौक पर बुधवार शाम करीब 6 बजे बड़ी आपराधिक घटना सामने आई। हथियारबंद बदमाशों ने ज्वेलरी शॉप बालाजी ज्वेलर्स में घुसकर लूटपाट की और दुकान मालिक अमन वर्मा को गोली मार दी। यह घटना उस समय हुई जब बाजार में भारी भीड़ मौजूद थी।
बाइक से आए तीन बदमाश
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाश एक साथ आए। उन्होंने पहले ज्वेलरी शॉप में लूटपाट की और इसके बाद अमन वर्मा को गोली मार दी। वारदात के बाद बदमाश लगातार फायरिंग करते हुए कायस्तपाड़ा मोहल्ले की ओर फरार हो गए।
फायरिंग से दहशत, लोग नहीं कर सके हस्तक्षेप
लगातार हो रही फायरिंग के कारण आसपास मौजूद लोग और दुकानदार किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं कर पाए। कुछ ही मिनटों में पूरी घटना को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। जब तक लोग स्थिति को समझ पाते, तब तक लूट और गोलीकांड हो चुका था।
घायल दुकानदार अस्पताल में भर्ती
गोली लगने के बाद अमन वर्मा को तुरंत जामताड़ा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। उनकी हालत को लेकर परिजन और स्थानीय लोग चिंतित हैं।
पुलिस पहुंची, व्यापारियों में आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं, स्थानीय दुकानदारों और व्यवसायियों में भारी रोष देखा गया। लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में व्यापारी और आम लोग जमा हैं।
इसे भी पढ़ें : वैश्विक चुनावी सम्मेलन में झारखंड का नाम रौशन करने की तैयारी

