अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि आपने कठिन परिश्रम और लंबे संघर्ष के बाद यह मुकाम हासिल किया है। अब पूरे मन से, निष्ठा और सेवा भावना के साथ काम कर राज्य को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी भी आपकी है। आप सरकार के अंग के रूप में जनता से जुड़ रहे हैं और आपका योगदान झारखंड के विकास को नई दिशा देगा। मौका था JSSC-CGL 2023 के चयनित 1910 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने का। इन अभ्यर्थियों को अपॉइंटमेंट लेटर देकर सीएम ने उन्हें नये साल का बड़ा उपहार दिया। नियुक्ति पत्र वितरण समारोह रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित किया गया था।
इरादे मजबूत हों तो सफलता तय
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा के दौरान कई चुनौतियां सामने आईं। लंबे समय तक व्यवधान भी पैदा हुए, लेकिन सरकार ने अभ्यर्थियों के साथ संवेदनशीलता के साथ खड़े रहने का फैसला किया। कुछ संगठित गिरोहों ने साजिश रचने की कोशिश की, लेकिन सरकार और जेएसएससी ने पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षा से लेकर न्यायालय तक सभी बातें रखीं। इसी का नतीजा है कि साजिशें नाकाम हुईं और मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को आज सफलता मिली। उन्होंने कहा कि आज नियुक्ति पत्र मिलने से सिर्फ आप ही नहीं, आपका परिवार भी खुश है। मुझे भी संतोष है कि इतनी बड़ी संख्या में राज्य के युवाओं को रोजगार देने का अवसर मिला।
युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि सरकार पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ नियुक्ति परीक्षाएं करा रही है। अगर कोई भी व्यक्ति या गिरोह युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश करेगा तो उसे जेल भेजा जाएगा।
अन्य युवाओं को आगे बढ़ने में करें मदद
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों से कहा कि आपने जिस मेहनत से यह सफलता पाई है, उसी तरह अपने आसपास के युवाओं को भी आगे बढ़ने में सहयोग करें। जब हर युवा अपने पैरों पर खड़ा होगा, तब राज्य मजबूत बनेगा।
नौकरी के साथ सुरक्षा की भी व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने सरकारी कर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी ठोस कदम उठाए हैं। राज्य सरकार ने विभिन्न बैंकों के साथ एमओयू किया है, जिसके तहत दुर्घटना की स्थिति में एक करोड़ रुपये तक की आर्थिक सहायता सहित अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। यह सुविधा स्थायी और अनुबंध कर्मियों दोनों को मिल रही है।
आपकी कार्यशैली से बनती है सरकार की छवि
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब आप सरकार का हिस्सा हैं। आपकी कार्यशैली से सरकार की छवि बनती है और राज्य की दिशा तय होती है। राज्य के विकास में आपका योगदान बहुत महत्वपूर्ण है। सरकार हर कदम पर आपके साथ खड़ी रहेगी।
एक साल में 10 हजार से अधिक को नौकरी
सीएम हेमंत सोरेन ने बताया कि 2019 से लगातार नियुक्तियों की प्रक्रिया चल रही है। राज्य गठन के बाद पहली बार कृषि पदाधिकारियों की बहाली हुई। शिक्षकों, मेडिकल ऑफिसरों, एएनएम-जीएनएम सहित कई पदों पर बड़ी संख्या में नियुक्तियां की गईं। वर्ष 2024 में सरकार बनने के बाद एक साल के भीतर करीब 9000 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए और आज फिर 1910 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं। नियुक्ति की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
गरीब और जरूरतमंदों को सशक्त बना रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गरीब, किसान, मजदूर, आदिवासी, दलित, महिला और युवाओं को मजबूत बनाने के लिए काम कर रही है। मंइया सम्मान योजना से महिलाएं सशक्त हो रही हैं और अन्य योजनाओं के जरिए जरूरतमंद लोग आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
अभ्यर्थियों ने जताया आभार
कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों ने भी अपने विचार रखे। सहायक प्रशाखा प्राधिकारी पद पर चयनित एन. आइसा कुजूर ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ हुई। रांची की निशा तिग्गा ने कहा कि लंबा संघर्ष रहा, लेकिन आज सफलता मिलने से खुशी है। कोडरमा के अनिल रजक ने बताया कि पिता के निधन के बाद ऑटो चलाकर जीविका चलाते थे, लेकिन मेहनत जारी रखी और आज सफलता मिली। संथाल की कविता पहाड़िया ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर गर्व और खुशी दोनों महसूस हो रहे हैं।
ये रहे मौजूद
नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मंत्री राधा कृष्ण किशोर, दीपक बिरुवा, संजय प्रसाद यादव, शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन, सबिता महतो सहित कई विधायक, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा और अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत ने आदिवासी छात्रा सविता कच्छप को दी बधाई… जानें क्यों



