अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh : पतरातू मेन रोड पर बन रहा ओवरब्रिज शनिवार को अचानक गोलियों की आवाज से दहल उठा। निर्माण कार्य से जुड़े दफ्तर को निशाना बनाकर की गई इस गोलीबारी ने न सिर्फ मौके पर मौजूद लोगों को हिला दिया, बल्कि पूरे इलाके में डर का माहौल पैदा कर दिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। घटना के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर एक धमकी भरा प्रेस रिलीज वायरल हो गया। यह रिलीज “आजाद सरकार (राहुल सिंह गैंग)” के नाम से जारी बताया जा रहा है। प्रेस रिलीज आजाद सरकार के नाम से बने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट किया गया है और कुख्यात राहुल सिंह को टैग किया गया है। प्रेस रिलीज के जरिये ओवरब्रिज साइट पर फायरिंग की जिम्मेदारी ली गयी है। वहीं, काम कर रहे ठेकेदारों और कारोबारियों को खुलेआम धमकी दी गयी है। रिलीज के जरिये धमकी दी गयी है कि जो लोग कॉल या मैसेज का रिस्पॉन्स नहीं देंगे, उनके घर में घुसकर उन्हें मारेंगे। हालांकि, वायरल हुए इस प्रेस रिलीज में कितना दम है, इसका आधिकारिक तौर पर कोई खुलासा नहीं हो पाया है।
रिलीज में आगे एक ठेकेदार के नाम का जिक्र है। चंदन नाम के ठेकेदार को खुलेआम गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई है। कहा गया है कि “चंदन जी अगर अब भी आपने हमारे कॉल और मैसेज का रिप्लाई नहीं दिया तो अंजाम आपके कल्पना के परे हो सकता है। ये तो ट्रेलर है फिल्म हम आपके दूसरे जिले में जो काम चल रहा है वहां दिखाएंगे, याद रहे आप हमारे पहुंच से दूर नहीं हैं।” यहीं नहीं, रामगढ़ जिले में काम कर रहे ठेकेदारों, माइनिंग ऑपरेटरों, कोयला कारोबार से जुड़े लोगों, ट्रांसपोर्ट और हैंडलिंग एजेंसियों को भी सीधे निशाने पर लिया गया है। इस खुले खतरे ने निर्माण और कारोबार से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही पतरातू थाना की पुलिस हरकत में आई और तफ्तीश में जुट गयी है।

इसे भी पढ़ें : ‘इस बार तो बस घर पर गो’ली मा’रे हैं…”, कुख्यात आजाद सरकार का पोस्ट वायरल

