अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के झोलागौड़ा स्थित लटकूगोड़ा इलाके में शनिवार को अवैध शराब के खिलाफ आवाज उठाना एक परिवार को भारी पड़ गया। शराब कारोबार से जुड़े लोगों ने एक ही परिवार के चार सदस्यों पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
पहले से बुलाए गए थे युवक
स्थानीय जानकारी के अनुसार टिंकू, श्याम, श्याम की पत्नी और उनकी मां इलाके में चल रही अवैध शराब बिक्री का विरोध करने पहुंचे थे। आरोप है कि शराब विक्रेताओं ने पहले से ही 10 से 15 युवकों को मौके पर इकट्ठा कर रखा था। जैसे ही विरोध शुरू हुआ, सभी ने मिलकर लाठी डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
चारों गंभीर रूप से घायल
अचानक हुए हमले में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच बचाव कर घायलों को बचाया। इसके बाद सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया बयान
घटना की सूचना मिलने पर परसुडीह थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और घायलों का बयान दर्ज किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपितों की पहचान की जा रही है और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
पहले भी हो चुकी है मारपीट की घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुमकागोड़ा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री खुलेआम चल रही है। इसका विरोध करने वालों के साथ पहले भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। घायल महिला ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने पुलिस पर शराब माफिया से मिलीभगत का भी आरोप लगाया।
इलाके में आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से अवैध शराब कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इसे भी पढ़ें : पड़हा राजा ह’त्याकांड के विरोध में झारखंड बंद, सड़कों पर जोरदार प्रदर्शन… देखें वीडियो

