अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ के नगर थाना क्षेत्र के तलवाडागा गांव में चार मार्च को हुई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए तीन मोटरसाइकिल और एक कार भी बरामद की है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खुदु मंडल और कृष्णा मिश्रा के रूप में हुई है। खुदु मंडल के पिता का नाम स्वर्गीय योधमन मंडल है, जबकि कृष्णा मिश्रा के पिता का नाम राजीव मिश्रा है। दोनों मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के बहिरग्राम के रहने वाले हैं।
चार मार्च को हुई थी घटना
पुलिस के मुताबिक, चार मार्च 2026 को तलवाडागा गांव में देवराज सरकार उर्फ नमुआ सरकार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में काफी तनाव का माहौल बन गया था। इस मामले में मृतक के पिता मेघनाथ सरकार ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी। मेघनाथ सरकार के आवेदन के आधार पर पांच मार्च को पाकुड़ नगर थाना में कांड दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
एसपी के निर्देश पर बनी एसआईटी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ एसपी निधि द्विवेदी ने मामले के जल्द खुलासे के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया। एसआईटी की टीम ने कई जगहों पर छापेमारी की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
चार वाहन भी पुलिस ने किए बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए चार वाहन बरामद किए हैं। इनमें एक रॉयल एनफील्ड बुलेट, हीरो ग्लैमर, हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल और एक हुंडई कार शामिल है। पुलिस इन वाहनों की भी जांच कर रही है।
एक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस की जांच में यह भी पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी खुदु मंडल के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ पाकुड़ नगर थाना में 2025 में हथियार और मारपीट से जुड़ा मामला दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2022 में भी मारपीट और धमकी देने का एक मामला दर्ज किया गया था।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि इस मामले में कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।
मृतक पर भी दर्ज थे 5 मामले
पुलिस के अनुसार, मृतक देवराज सरकार उर्फ नमुआ सरकार के खिलाफ भी पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में कुल पांच मामले दर्ज थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है।
छापेमारी में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
इस कार्रवाई में नगर थानेदार अनिल कुमार गुप्ता, मालपहाड़ी ओपी प्रभारी राहुल गुप्ता, सब इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार, सन्नी सुप्रभात, मिथुन रजक, तकनीकी शाखा के आरक्षी सूरज मुर्मू और नगर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
इसे भी पढ़ें : गोलियों की तड़तड़ाहट के बाद रांची पुलिस अलर्ट, इंस्पेक्टर खुद कर रहे चेकिंग



