अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Balrampur (UP) : सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को देवीपाटन मंदिर में माता पाटेश्वरी के दर्शन और पूजा-अर्चना की। उन्होंने मंदिर गर्भगृह में माता के चरणों में पूजा अर्पित कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन के बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर में स्थित गौशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गायों को हरा चारा और गुड़ खिलाया। मुख्यमंत्री ने गौवंश के साथ समय बिताते हुए उन्हें दुलार किया। इस दौरान मंदिर के पीठाधीश्वर मिथलेश नाथ योगी महाराज उनके साथ मौजूद रहे।
दो दिवसीय दौरे पर बलरामपुर में विकास कार्यों की समीक्षा
सीएम बुधवार को बलरामपुर पहुंचे थे। उन्होंने यहां निर्माणाधीन मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। शाम को वे देवीपाटन मंदिर पहुंचे और वहां रात्रि विश्राम किया। गुरुवार सुबह माता पाटेश्वरी के दर्शन के बाद लगभग 9:35 बजे मुख्यमंत्री का काफिला मंदिर से आदिशक्ति मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल, भवानीपुर के हेलीपैड तक गया, जहां से वे अयोध्या के लिए रवाना हुए।
देवीपाटन नवरात्रि मेले की तैयारियों की समीक्षा
सीएम ने 19 मार्च से शुरू होने वाले देवीपाटन राजकीय मेले की तैयारियों के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि चैत्र नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, पेयजल, स्वच्छता और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में नवरात्रि के दौरान विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त स्वच्छताकर्मी तैनात किए जाएं।
इसे भी पढ़ें : सरकारी नौकरी का मौका, UPPCB में 115 पदों पर Vacancy



