अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ जिले के डिस्ट्रिक्ट जेल में एक महिला विचाराधीन कैदी की मौत से हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमा हरकत में आ गया। डीसी मनीष कुमार और एसपी निधि द्विवेदी खुद मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
बाथरूम में मिली महिला कैदी की लाश
मृत महिला कैदी की पहचान नगर थाना क्षेत्र के कोलाजोड़ा निवासी संझली हेंब्रम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने पति झंडू हांसदा की हत्या के आरोप में जेल में बंद थी। इस मामले में नगर थाना में 17 फरवरी 2026 को कांड संख्या 25/26 दर्ज किया गया था। जेल प्रशासन के अनुसार, मंडल कारा के बाथरूम में महिला कैदी द्वारा आत्महत्या करने की सूचना मिली। इसके बाद तुरंत उसे अचेत अवस्था में इलाज के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप
घटना सामने आने के बाद जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों ने तुरंत इसकी सूचना वरीय पदाधिकारियों को दी। कुछ ही देर में डीसी और एसपी अपनी टीम के साथ मंडल कारा पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया।
डीसी-एसपी ने की पूछताछ, जांच जारी
मौके पर पहुंचकर डीसी मनीष कुमार और एसपी निधि द्विवेदी ने जेल परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात कर्मियों से पूछताछ की और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी ली। डीसी मनीष कुमार ने बताया कि महिला कैदी की बाथरूम में मौत हुई है। प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का लग रहा है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं एसपी निधि द्विवेदी ने कहा कि मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
पति की हत्यारोपी महिला बंदी की जेल के बाथरूम में मिली लाश, पाकुड़ DC मनीष कुमार और SP निधि द्विवेदी क्या बता गये… देखें pic.twitter.com/B4qrt8NcuA
— News Samvad (@newssamvaad) March 26, 2026
सवालों के घेरे में जेल सुरक्षा व्यवस्था
इस घटना के बाद मंडल कारा की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। आखिर एक विचाराधीन कैदी ने जेल के अंदर इस तरह का कदम कैसे उठा लिया, इसे लेकर जांच में कई अहम बिंदुओं पर फोकस किया जा रहा है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहा है।
इसे भी पढ़ें : झारखंड में e-Summon का ट्रायल शुरू, इस दिन तक UAT देने का निर्देश



