अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Muzaffarpur : मुजफ्फरपुर में भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम के दौरान बुधवार देर शाम अचानक माहौल बिगड़ गया। कार्यक्रम शुरू होते ही भारी भीड़ बेकाबू हो गई और देखते ही देखते हंगामा, धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी मच गई। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद खेसारी लाल यादव को शो बीच में छोड़कर स्टेज से उतरकर बाहर निकलना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पशु मेले में जुटी थी हजारों की भीड़
यह घटना बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गरहा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। यहां भाजपा के पूर्व मंत्री रामसूरत राय द्वारा पशु मेले का आयोजन किया गया था। इसी मेले में खेसारी लाल यादव का कार्यक्रम रखा गया था। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मैदान में पहुंचे थे। जैसे ही गाना शुरू हुआ और लोग आगे बढ़ने लगे, भीड़ का दबाव बढ़ गया।
धक्का-मुक्की के बाद भगदड़ जैसी स्थिति
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोग स्टेज के करीब जाने के लिए एक-दूसरे को धक्का देने लगे। कुछ ही मिनटों में हालात इतने खराब हो गए कि भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई लोग जमीन पर गिर पड़े और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखे। भीड़ में महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे, जिससे स्थिति और ज्यादा संवेदनशील हो गई।
पुलिस को करना पड़ा हल्का लाठीचार्ज
मौके पर मौजूद पुलिस ने पहले लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब भीड़ नहीं मानी तो हल्का लाठीचार्ज किया गया। पुलिस कार्रवाई के बाद भीड़ कुछ हद तक पीछे हटी और हालात काबू में आए।इसी बीच सुरक्षा कारणों से खेसारी लाल यादव को कार्यक्रम रोककर तुरंत स्टेज छोड़ना पड़ा।
कोई बड़ा हादसा नहीं, लेकिन डर का माहौल
घटना के दौरान मैदान में काफी देर तक अफरा-तफरी रही। हालांकि अभी तक किसी के गंभीर रूप से घायल होने या मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पहले भी सामने आ चुका है अव्यवस्था का मामला
स्थानीय लोगों के अनुसार, मेले में यह पहली बार नहीं हुआ है जब व्यवस्था बिगड़ी हो। इससे पहले भी स्टेज पर ऑर्केस्ट्रा डांसरों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। उस समय भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे। अब एक बार फिर खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में हुए हंगामे के बाद आयोजन की व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर लोग सवाल उठा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, लोग कर रहे चर्चा
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग आयोजकों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं तो कुछ लोग पुलिस की कार्रवाई को जरूरी बता रहे हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से स्थिति सामान्य होने की बात कही जा रही है और कार्यक्रम को बीच में रोक दिया गया है।
इसे भी पढ़ें : हैवान मां… सगी बेटी की चढ़ा दी बलि, पत्थर से सिर फोड़ा, खू’न से की पूजा



