अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh : रामगढ़ की पतरातू पुलिस ने राहुल दुबे गैंग को तीखी चोट दी है। पुलिस ने गैंग के दो एक्टिव गुर्गों को दबोचा है। गिरफ्तार गुर्गों के नाम करण करमाली और शिवम मिश्रा उर्फ नंदू बताये गये। दोनों के पास पुलिस ने 7.65 एमएम का लोडेड देशी पिस्टल, 9 एमएम की लोडेड देशी कारबाइन और 9 पीस जिंदा गोलियां जब्त की है। दोनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के फिराक में थे। इस बात का खुलासा रामगढ़ के पुलिस कप्तान अजय कुमार ने मीडिया के सामने किया।
कैसे मिली सूचना और क्या हुआ आगे
एसपी अजय कुमार ने मीडिया को बताया कि बीते 13 अप्रैल की रात करीब साढ़े आठ बजे सूचना मिली कि हेसला इलाके में कुछ अपराधी अवैध हथियार के साथ घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पतरातू के SDPO सह ASP गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। इसके बाद पूरे इलाके में सघन चेकिंग शुरू कर दी गई। चेकिंग के दौरान हेसला स्थित टाइप-2 काली मंदिर मैदान के पास एक बाइक पर सवार दो युवकों को रोका गया। पूछताछ में उनकी पहचान करण करमाली और शिवम मिश्रा उर्फ नंदू के रूप में हुई। तलाशी लेने पर पुलिस भी चौंक गयी।
तलाशी में मिले खतरनाक हथियार
पुलिस ने करण करमाली के पास से 7.65 एमएम का लोडेड देशी पिस्टल और तीन जिंदा गोलियां बरामद कीं। वहीं बाइक के कैरियर में टंगे बैग से 9 एमएम की लोडेड देशी कारबाइन और दो जिंदा गोलियां मिलीं। पुलिस ने हथियार, गोलियां सहित बाइक को भी जब्त कर लिया।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पकड़े गए दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे राहुल दुबे गैंग के लिए काम करते हैं। उन्होंने यह भी कबूल किया कि बीते 4 अप्रैल को पतरातू स्थित ओसम डेयरी प्लांट में हुई फायरिंग की घटना में भी उनका हाथ था। पुलिस के मुताबिक, दोनों किसी नई बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। इस पूरे मामले में पतरातू थाना में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब इस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।
रामगढ़ में राहुल दुबे गैंग के 2 सदस्य हेसला से हथियार के साथ गिरफ्तार। बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, ओसम डेयरी फायरिंग में भी शामिल होने का खुलासा। क्या बता गये रामगढ़ एसपी अजय कुमार… देखें#Ramgarh #Jharkhand #CrimeNews #Patratu #NewsSamvad #TodayNews #LatestNews #TrendingNews pic.twitter.com/FOQ3tvdN9y
— News Samvad (@newssamvaad) April 14, 2026
कई थानों की टीम ने मिलकर की कार्रवाई
इस ऑपरेशन में पतरातू, भदानीनगर, भुरकुंडा, गोला, बासल और बरकाकाना थाना समेत कई थानों की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस धिकारियों का कहना है कि इलाके में अपराध पर लगाम लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत पत्नी संग पहुंचे तपोवन, विकास और आस्था का दिखा संगम



