अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड एकेडमिक काउंसिल यानी JAC ने मंगलवार को कक्षा 11वीं परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया। रिजल्ट की घोषणा रांची स्थित परिषद मुख्यालय में जैक के अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने की। इस दौरान परिषद के कई अधिकारी भी मौजूद रहे। परीक्षा 25 फरवरी से 28 फरवरी के बीच पूरे राज्य में आयोजित हुई थी।
99.12% रहा रिजल्ट, पिछले साल से बेहतर
इस बार का रिजल्ट काफी अच्छा रहा। कुल 3,61,683 छात्रों का नामांकन हुआ था। इनमें से 3,58,533 छात्र परीक्षा में शामिल हुए और 3,55,399 छात्रों को प्रोन्नत किया गया। यानी पास प्रतिशत 99.12 रहा। पिछले साल यह करीब 98% था, ऐसे में इस बार सुधार साफ दिख रहा है।
ज्यादातर स्कूलों का प्रदर्शन बेहतर
जैक के आंकड़ों के मुताबिक इस बार लगभग सभी जिलों में छात्रों का प्रदर्शन अच्छा रहा। कई स्कूलों में रिजल्ट पहले से बेहतर रहा है। इससे यह भी संकेत मिल रहा है कि पढ़ाई का स्तर धीरे-धीरे सुधर रहा है। रिजल्ट आने के बाद छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों में खुशी का माहौल है।
मेहनत का मिला फल : अध्यक्ष
रिजल्ट जारी करते हुए डॉ. नटवा हांसदा ने सफल छात्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का नतीजा है। साथ ही उन्होंने परीक्षा को सफलतापूर्वक कराने में जिला शिक्षा विभाग और स्कूलों की भूमिका की भी सराहना की।
कम नंबर वालों को भी दिया हौसला
जैक अध्यक्ष ने उन छात्रों को भी हिम्मत दी जो कम अंक ला पाए या किसी वजह से परीक्षा नहीं दे सके। उन्होंने कहा कि ऐसे छात्रों के लिए आगे भी मौके मिलेंगे। उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है, मेहनत जारी रखें।
जल्द आएंगे 8वीं, 9वीं, 10वीं और 12वीं के रिजल्ट
जैक ने संकेत दिया है कि कक्षा 8वीं और 9वीं का रिजल्ट इसी हफ्ते जारी हो सकता है। वहीं 10वीं और 12वीं के नतीजे अगले सप्ताह आने की संभावना है। अब छात्रों और अभिभावकों की नजर इन्हीं रिजल्ट्स पर टिकी हुई है।
इसे भी पढ़ें : सरकारी नौकरी का मौका, UPCISB में 2000+ पदों पर Vacancy



