अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को आखिरकार पुलिस ने दबोच लिया है। मुंगेर पुलिस ने गुजरात के साणंद से आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान बांका जिले के रहने वाले शेखर यादव के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर बिहार ला रही है। इस पूरे मामले के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
मोबाइल कॉल से मिली सुराग
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री आवास पर एक फोन कॉल आया था, जिसमें सीधे तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद मुंगेर के संग्रामपुर थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी तरीके से कॉल डिटेल और मोबाइल नंबर को खंगाला, जिसमें लोकेशन गुजरात की मिली। यहीं से जांच की दिशा साफ हो गई।
गुजरात में मजदूरी कर रहा था आरोपी
जांच में सामने आया कि आरोपी शेखर यादव गुजरात में रहकर मजदूरी करता था। बिहार पुलिस की टीम तुरंत गुजरात पहुंची और अहमदाबाद पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद मोबाइल लोकेशन के आधार पर साणंद इलाके में छापेमारी कर उसे पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के बाद जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर अब उसे बिहार लाया जा रहा है।
बांका में भी शुरू हुई जांच
उधर, आरोपी के बांका स्थित घर पर भी पुलिस की टीम पहुंची है। वहां उसके परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने इतनी बड़ी धमकी क्यों दी। क्या वह अकेले काम कर रहा था या उसके पीछे किसी और का हाथ है, इस पर भी जांच चल रही है।
सीएम बनने के बाद पहली बड़ी चुनौती
सम्राट चौधरी ने हाल ही में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है और कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाने की बात कही थी। उन्होंने अपराधियों को साफ चेतावनी भी दी थी। ऐसे में शपथ के कुछ ही दिनों बाद इस तरह की धमकी का मामला सामने आना चौंकाने वाला माना जा रहा है।
जल्द खुल सकता है पूरा मामला
फिलहाल पुलिस आरोपी को लेकर मुंगेर के लिए रवाना हो चुकी है। उम्मीद की जा रही है कि पूछताछ के बाद इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इसके पीछे कोई गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
इसे भी पढ़ें : पहले ही दिन एक्शन में सीएम सम्राट चौधरी, सचिवालय में अफसरों संग की बड़ी बैठक



