अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में करीब 18 साल बाद झारखंड पात्रता परीक्षा (JET) रविवार को आयोजित होने जा रही है। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार परीक्षा में करीब 1.75 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा राज्य के छह जिलों रांची, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, हजारीबाग और देवघर में आयोजित होगी। इसके लिए कुल 434 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यह परीक्षा राज्य के राजकीय विश्वविद्यालयों और अंगीभूत कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक की नियुक्ति की पात्रता तय करने के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। इसके साथ ही पीएचडी में नामांकन के लिए भी यह परीक्षा जरूरी होगी।
सुबह 8 बजे पहुंचना होगा, 10 से 1 बजे तक परीक्षा
JPSC ने साफ निर्देश दिया है कि सभी परीक्षार्थियों को सुबह 8 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तय किया गया है। परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्रों पर जांच प्रक्रिया पूरी की जाएगी ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो।
बायोमेट्रिक और आईरिस जांच के बाद ही मिलेगा प्रवेश
परीक्षा केंद्रों पर इस बार सुरक्षा और पहचान की जांच काफी सख्त रखी गई है। आयोग के अनुसार, परीक्षार्थियों को बायोमेट्रिक जांच और आईरिस वेरिफिकेशन के बाद ही केंद्र के अंदर प्रवेश दिया जाएगा। इस व्यवस्था का मकसद यह है कि कोई भी फर्जी अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल न हो सके और परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी तरीके से हो।
रांची में कदाचार रोकने के लिए निषेधाज्ञा लागू
परीक्षा को लेकर रांची जिला प्रशासन ने भी पूरी तैयारी कर ली है। डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एडीएम लॉ एंड ऑर्डर के आदेश पर परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन को आशंका है कि परीक्षा के दौरान कुछ असामाजिक तत्व भीड़ लगाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। इसी वजह से रांची में कई केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू की गई है।
परीक्षा केंद्र के 200 मीटर तक भीड़ जुटाने पर रोक
सदर एसडीएम कुमार रजत ने परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। इसके तहत सरकारी कार्य में लगे कर्मियों, सरकारी कार्यक्रम और शवयात्रा को छोड़कर पांच या उससे अधिक लोगों का एक जगह जमा होना प्रतिबंधित रहेगा।
लाउडस्पीकर और हथियार लेकर चलना पूरी तरह मना
निषेधाज्ञा के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी तरह का लाउडस्पीकर या ध्वनि विस्तारक यंत्र इस्तेमाल करने पर रोक रहेगी। इसके अलावा कोई भी व्यक्ति बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर, बम, बारूद या किसी भी तरह का हथियार लेकर नहीं चल सकेगा। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
निषेधाज्ञा का समय तय
रांची में यह निषेधाज्ञा 26 अप्रैल 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक लागू रहेगी।
रांची में 117 केंद्र, मारवाड़ी कॉलेज भी शामिल
रांची जिले में इस परीक्षा के लिए सबसे ज्यादा केंद्र बनाए गए हैं। जानकारी के अनुसार, रांची में मारवाड़ी कॉलेज समेत कुल 117 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
अभ्यर्थियों से अपील
प्रशासन और आयोग ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे, अपने जरूरी दस्तावेज साथ रखें और किसी भी अफवाह या गलत सूचना से बचें। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
इसे भी पढ़ें : फिर खू’न से लाल हुई ‘मौत की घाटी’, चीख-चीत्कार के बीच थम गई पांच सांसें



