अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : पलामू जिले के मेदिनीनगर में एक युवक के अपहरण के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र से बीती रात अगवा किए गए युवक का शव रविवार को सदर थाना क्षेत्र के जोरकट इलाके से बरामद किया गया। मृतक की पहचान विनीत तिवारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात विनीत तिवारी रेडमा के समदा आहर के पास मौजूद था। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। बात बढ़ने के बाद आरोपियों ने उसका जबरन अपहरण कर लिया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की और फिर पुलिस को सूचना दी।
पड़ोस के दो युवकों पर अपहरण का आरोप
परिजनों ने विनीत के पड़ोस में रहने वाले दो युवकों पर अपहरण का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही टाउन थानेदार ज्योतिलाल रजवार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से एक कार भी बरामद की गई है, जिसे पुलिस अहम सुराग मानकर जांच कर रही है।
जोरकट इलाके से बरामद हुआ शव
रविवार को सदर थाना क्षेत्र के जोरकट इलाके से विनीत तिवारी का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। शव बरामद होने के बाद पलामू एसपी कपिल चौधरी खुद घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने स्निफर डॉग की मदद से भी अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश की।
कई लोग हिरासत में, पुलिस की ताबड़तोड़ जांच
डीएसपी राजीव रंजन ने शव बरामद होने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि पुलिस को घटना से संबंधित आवेदन मिले हैं और हर एंगल से जांच चल रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर किसी के पास इस घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो पुलिस को जरूर बताएं। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
जमीन विवाद की आशंका, एसपी ने दिया सख्त संदेश
प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को भी एक संभावित कारण माना जा रहा है। एसपी ने साफ कहा कि जमीन विवाद के नाम पर अपराध को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले को हत्या, अपहरण और आपराधिक साजिश के एंगल से देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : तीन बार मिस होकर बेटे को लगी गोली, फिर डकैतों पर टूट पड़ा परिवार



