अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna/New Delhi : सीएम सम्राट चौधरी से बुधवार को नई दिल्ली स्थित बिहार भवन में गूगल इंडिया के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गूगल इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट चंदू थोटा कर रहे थे। बैठक के दौरान बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में तकनीकी सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
डिजिटल विकास को लेकर साझा पहल पर जोर
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार तेजी से डिजिटल बदलाव की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इस प्रक्रिया को और मजबूत बनाने के लिए निजी क्षेत्र की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इस दौरान दोनों पक्षों ने राज्य में डिजिटल सेवाओं के विस्तार और तकनीक के बेहतर उपयोग के जरिए आम लोगों तक सुविधाएं पहुंचाने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।
गूगल को बिहार में जीसीसी स्थापित करने का न्योता
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बैठक के दौरान बिहार ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) नीति 2026 का उल्लेख करते हुए गूगल को राज्य में अपना ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि बिहार में निवेश और तकनीकी संस्थानों के विकास के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जा रहा है, जिसका लाभ बड़ी कंपनियां उठा सकती हैं।
बिहार भवन, नई दिल्ली में गूगल इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट श्री चंदू थोटा जी के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की।
बैठक में तकनीक, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कृषि क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान बिहार GCC नीति- 2026 के अंतर्गत गूगल को… pic.twitter.com/BY41dBpUgK
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) June 10, 2026
साझेदारी की दिशा में आगे बढ़ने पर सहमति
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने बिहार के डिजिटल विकास को नई गति देने के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि जैसे क्षेत्रों में तकनीक आधारित समाधान विकसित करने और उन्हें प्रभावी तरीके से लागू करने पर भी चर्चा हुई। माना जा रहा है कि इस तरह की साझेदारी से राज्य में तकनीकी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं के लिए नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।
अधिकारी भी रहे मौजूद
इस अवसर पर सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न डिजिटल पहलों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी प्रतिनिधिमंडल के साथ साझा की। बैठक को बिहार और गूगल इंडिया के बीच संभावित सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : सीएम सम्राट ने खोला खजाना, 94 लाख पेंशनधारियों को दी बड़ी सौगात

