अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में औद्योगिक विकास और शहरीकरण की योजनाओं को गति देने के लिए सीएम सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण और आधारभूत संरचना विकास से जुड़े कामों में तेजी लाने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निवेश, उद्योग और शहरी विकास से जुड़ी सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए और किसी भी तरह की प्रशासनिक बाधा को तुरंत दूर किया जाए। सीएम ने शुक्रवार को लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में उद्योग विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में भूमि अधिग्रहण, निवेश परियोजनाओं और शहरी विकास योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
निवेश बढ़ाने के लिए जमीन और सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने पर जोर
समीक्षा बैठक के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य में निवेश को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए उद्योगों को जरूरी जमीन और आधारभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि अधिग्रहण से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जाए ताकि विकास योजनाओं में किसी तरह की देरी न हो। उन्होंने कहा कि निवेशकों को बेहतर माहौल और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।
औद्योगिक क्षेत्रों और सैटेलाइट टाउनशिप पर विशेष फोकस
सीएम सम्राट चौधरी ने नगर विकास एवं आवास विभाग को प्रस्तावित औद्योगिक और शहरी विकास क्षेत्रों में समेकित आधारभूत संरचना विकसित करने की कार्ययोजना को तेजी से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने भूमि की पहचान, भूमि अधिग्रहण और उसके हस्तांतरण की प्रक्रिया को भी तेज करने को कहा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में विकसित किए जा रहे नए औद्योगिक क्षेत्रों और सैटेलाइट टाउनशिप परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जाए ताकि सभी परियोजनाएं समयबद्ध तरीके से पूरी हो सकें।
अधिकारियों ने पेश की प्रगति रिपोर्ट
बैठक में उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के लिए भूमि अधिग्रहण की स्थिति और निवेश परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। वहीं नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने शहरी विकास योजनाओं के लिए भूमि उपलब्धता, भू-अर्जन की प्रक्रिया और टाउन प्लानिंग से जुड़े विषयों पर प्रस्तुतीकरण दिया।
बिहार को आर्थिक विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का लक्ष्य
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार को औद्योगिक और आर्थिक विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। इसके लिए निवेश, औद्योगिक विकास और शहरीकरण से जुड़ी सभी परियोजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समय-सीमा दोनों का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
कई आला अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, सिविल विमानन विभाग के सचिव नीलेश रामचन्द्र देवरे, एमएसएमई निदेशक अमन समीर, उद्योग विभाग के निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : विकसित भारत के सपने का इंजन बनेगा बिहार, 5 लाख करोड़ निवेश का लक्ष्य : सीएम सम्राट

