अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Lucknow : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर से सोमवार को पहली उड़ान लखनऊ के लिए रवाना हुई। इस उड़ान की सबसे खास बात यह रही कि इसमें उन किसानों को भी शामिल किया गया, जिन्होंने एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीन दी थी। राजधानी लखनऊ पहुंचने पर किसानों के चेहरे पर खुशी, गर्व और भावुकता साफ नजर आई।
पहली बार हवाई जहाज में बैठे किसान
जेवर की रहने वाली पूनम ने बताया कि एयरपोर्ट परियोजना के लिए उनकी जमीन अधिग्रहीत हुई थी। उन्होंने कहा कि पहली बार हवाई जहाज में बैठने का मौका मिला है और यह उनके जीवन का सबसे यादगार पल है। पूनम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करते हुए कहा कि किसानों का सम्मान बढ़ाने का काम हुआ है।किसान धर्मवीर शर्मा ने कहा कि जेवर में विश्वस्तरीय एयरपोर्ट बनना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सरकार ने यह साबित किया है कि विकास का लाभ गांवों तक पहुंच रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह का आभार भी जताया।
किसानों ने बताया अविस्मरणीय अनुभव
उड़ान में शामिल हिरा रशीद ने कहा कि लखनऊ तक की हवाई यात्रा उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसी है। वहीं किसान इकबाल कल्लू ने कहा कि जिस एयरपोर्ट के लिए उनकी जमीन गई थी, आज उसी एयरपोर्ट से उड़ान भरना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों को सिर्फ मुआवजा ही नहीं दिया, बल्कि विकास यात्रा का सहभागी भी बनाया।महिला किसान सुमन ने बताया कि यह उनकी पहली हवाई यात्रा थी। उन्होंने कहा कि वर्षों पुराना सपना आखिरकार पूरा हो गया। वहीं मीनू ने कहा कि विमान से अपने गांव और जमीन को ऊपर से देखना बेहद भावुक करने वाला अनुभव था।
हाजी जफर बोले, किसानों का बढ़ा सम्मान
किसान हाजी जफर ने कहा कि सरकार ने ऐसा काम किया है कि “हवाई चप्पल पहनने वालों को हवाई जहाज में बैठा दिया।” उन्होंने बताया कि भूमि अधिग्रहण के दौरान किसानों से बातचीत कर उनकी सहमति ली गई थी। उन्होंने कहा कि इस विकास कार्य पर पूरे क्षेत्र को गर्व है।
बुजुर्ग किसानों ने भी जताई खुशी
बुजुर्ग किसान जयवीर ने कहा कि उन्होंने कई सरकारें देखी हैं, लेकिन विकास का ऐसा दौर पहले नहीं देखा। वहीं जयकरन सिंह ने कहा कि एयरपोर्ट से आने वाली पीढ़ियों को नए अवसर मिलेंगे।किसानों का कहना है कि जेवर एयरपोर्ट से पहली उड़ान का हिस्सा बनना उनके लिए सिर्फ एक सफर नहीं, बल्कि जीवनभर याद रहने वाला सम्मान और उपलब्धि है।

