अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Khunti : खूंटी जिले के कर्रा-लोदमा इलाके में रविवार भोरे-भोर पुलिस और PLFI उग्रवादी श्रवण दास के बीच मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में श्रवण दास को गोली लग गई, जिससे वह जख्मी हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना रविवार भोर करीब 4.30 बजे की बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही खूंटी के एसपी ऋषव गर्ग मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और FSL की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
गुप्त सूचना पर हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार तोरपा थाना में दर्ज लेवी वसूलने के एक मामले की जांच के दौरान खूंटी एसपी को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर PLFI उग्रवादी श्रवण दास समेत कुछ अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान श्रवण दास ने पुलिस को बताया कि जंगल क्षेत्र में बड़ी मात्रा में हथियार छिपाकर रखे गए हैं। इसके बाद तोरपा, जरियागढ़ और अन्य थानों की संयुक्त पुलिस टीम उसे साथ लेकर बताए गए लोकेशन पर पहुंची। वहां छापेमारी कर हथियार बरामद किए गए।
थानेदार का पिस्टल छीनकर भागने लगा
पुलिस टीम हथियार बरामद कर वापस लौट रही थी। इसी दौरान जंगल के रास्ते में श्रवण दास ने अचानक जरियागढ़ थानेदार का पिस्टल छीन लिया। इसके बाद वह जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस के मुताबिक भागते समय उसने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। उग्रवादी की ओर से फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई फायरिंग के दौरान श्रवण दास को गोली लग गई और वह जख्मी होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया।
इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
घटना के बाद पुलिस ने पूरे जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। मौके से मिले साक्ष्यों को जुटाने के लिए FSL की टीम भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि श्रवण दास के साथ किसी अन्य उग्रवादी की मौजूदगी तो नहीं थी और इलाके में कहीं और हथियार छिपाकर तो नहीं रखे गए हैं। एसपी ऋषव गर्ग ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें : छुट्टी की सैर बनी इंजीनियर की जिंदगी का आखिरी सफर… जानें कैसे

