अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में इस बार स्वतंत्रता दिवस का राजकीय समारोह पूरी भव्यता और बेहतर व्यवस्थाओं के साथ आयोजित करने की तैयारी चल रही है। समारोह की तैयारियों का जायजा प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वरवड़े ने लिया। इस दौरान डीएम कुंदन कुमार ने अब तक की गई तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए पूरे गांधी मैदान को चार जोन में बांटकर काम किया जा रहा है, ताकि किसी भी स्थिति में कार्यक्रम प्रभावित न हो।
बारिश को देखते हुए जल निकासी और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
बैठक में साफ-सफाई, जल निकासी, बैरिकेडिंग, पार्किंग, बिजली व्यवस्था, पेयजल, प्राथमिक उपचार, अग्निशमन, ध्वनि व्यवस्था, परेड, झांकियों और कानून व्यवस्था समेत सभी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बारिश होने की स्थिति में भी मैदान में पानी जमा नहीं होना चाहिए। इसके लिए नूतन राजधानी अंचल और पाटलिपुत्र अंचल के अधिकारियों को पर्याप्त संख्या में सक्शन मशीन उपलब्ध रखने को कहा गया है। वहीं बुडको को सभी नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है।
गांधी मैदान में अस्थायी थाना भी शुरू कर दिया गया है। पूरे मैदान और आसपास के इलाके की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है। साथ ही बुडको और बिजली विभाग की ओर से लगाए गए हाईमास्ट लाइटों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। समारोह के दौरान अतिरिक्त प्रकाश मीनारें भी लगाई जाएंगी, जिससे पूरे मैदान में पर्याप्त रोशनी बनी रहे।
लोगों की सुविधा और परेड की तैयारी भी अंतिम चरण में
प्रशासन ने समारोह में आने वाले लोगों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा है। मैदान में पेयजल, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिलाधिकारी ने कहा कि इस बार समारोह पूरी भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा और हर छोटी-बड़ी व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। परेड की तैयारियां भी अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। परेड की देखरेख कर रहे सार्जेंट मेजर ने बताया कि इस बार 20 टुकड़ियां परेड में हिस्सा लेंगी। सभी दल नियमित रूप से पूर्वाभ्यास कर रहे हैं। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किए जा रहे इंतजामों की जानकारी प्रमंडलीय आयुक्त को दी।
13 विभागों की झांकियां बनेंगी समारोह का आकर्षण
इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में 13 विभागों की आकर्षक झांकियां भी लोगों का ध्यान खींचेंगी। इनमें पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, ग्रामीण विकास विभाग (जीविका), बिहार मौसम सेवा केंद्र, राज्य अग्निशमन, कृषि निदेशालय, नागरिक सुरक्षा निदेशालय, महिला एवं बाल विकास निगम, कला एवं संस्कृति विभाग, उद्योग विभाग, विधि विभाग और ऊर्जा विभाग शामिल हैं। प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि झांकियां आकर्षक और संदेश देने वाली हों। साथ ही उनमें भाग लेने वाले कलाकार नियमित रूप से पूर्वाभ्यास करें ताकि प्रस्तुति प्रभावशाली हो।
बैठक के अंत में प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वरवड़े ने सभी संबंधित अधिकारियों से कहा कि स्वतंत्रता दिवस का राजकीय समारोह राज्य का प्रमुख आयोजन है। इसलिए सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं और हर दिन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाती रहे। बैठक में उप विकास आयुक्त शुभम कुमार समेत आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : बिहार के छात्रों को जामिया में मिल सकती है बड़ी सौगात, मंत्री जमा खान ने मांगा… जानें क्या











