अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Godda : गोड्डा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। एसपी मुकेश कुमार के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजाभीठा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक घर में छापेमारी कर करीब 1.4 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से 76 पीस सॉल्यूशन या एडहेसिव और नशीले पदार्थों को तौलने के लिए इस्तेमाल होने वाली एक छोटी इलेक्ट्रॉनिक मशीन भी जब्त की है। मामले में पुलिस ने संदीप मंडल को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
घर में छापेमारी के दौरान मिला गांजा और सॉल्यूशन
पुलिस के मुताबिक, 18 अगस्त को गोड्डा एसपी मुकेश कुमार के निर्देश पर नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गोड्डा SDPO आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में राजाभीठा थाना क्षेत्र के राजाभीठा गांव में संदीप मंडल के घर पर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान पुलिस को करीब 1.4 किलो गांजा मिला।
इसके साथ ही 76 पीस सॉल्यूशन या एडहेसिव भी बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि इन सॉल्यूशन का आजकल कुछ छोटे बच्चों और किशोरों की ओर से नशे के लिए गलत तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है। इन्हें सूंघकर नशा करने की प्रवृत्ति बच्चों और किशोरों के लिए गंभीर खतरा बन रही है। इसी वजह से पुलिस ने सॉल्यूशन की बरामदगी को भी गंभीरता से लिया है।
घर से एक छोटी इलेक्ट्रॉनिक नापतौल मशीन भी मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा और दूसरे सामान की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
आरोपी गिरफ्तार, NDPS एक्ट में दर्ज हुआ मामला
छापेमारी के बाद पुलिस ने संदीप मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार उसकी पहचान संदीप मंडल, पिता स्वर्गीय दूर्योधन मंडल, निवासी राजाभीठा थाना क्षेत्र, जिला गोड्डा के रूप में हुई है। मामले में राजाभीठा थाना में NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई कर रही है।
छापेमारी टीम में गोड्डा SDPO आकाश भारद्वाज, बोआरीजोर के अंचल अधिकारी केदारनाथ सिंह, सदर प्रभाग के पुलिस निरीक्षक दिनेश महली, नाफिस प्रभारी मनोहर कुमार और राजाभीठा थाना प्रभारी रामदेव वर्मा शामिल थे। इनके अलावा सड़क सुरक्षा प्रभारी मनीष कुमार यादव, राजाभीठा थाना के सहायक अवर निरीक्षक केदार पासवान और थाना का सशस्त्र बल भी कार्रवाई में शामिल रहा।
एसपी ने कहा- नशे के कारोबारियों को नहीं बख्शेंगे
गोड्डा पुलिस ने साफ किया है कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। गांजा, ब्राउन शुगर और दूसरे मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और सप्लाई में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
इसे भी पढ़ें : एग्जाम रद्द करना समाधान नहीं, CBI जांच बिना न्याय अधूरा : बाबूलाल मरांडी













