अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna/New Delhi : बिहार के सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा है कि देश के डिजिटल भविष्य को तय करने और संवारने में बिहार अब पीछे नहीं रहेगा, बल्कि सबसे आगे रहकर अपनी अहम भूमिका निभाएगा। नई दिल्ली में आयोजित इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 के दौरान केंद्र और राज्यों की गोलमेज बैठक में उन्होंने राज्य का पक्ष मजबूती से रखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस आयोजन का उद्घाटन किया, जिसमें केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शामिल हुए। बैठक में बिहार के आईटी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मंत्री के साथ मौजूद रहे।
गांव-गांव तक पहुंचेगा मजबूत नेटवर्क, अस्पताल और स्कूल से जुड़ेगा इंटरनेट
आईटी मंत्री नीतीश मिश्रा ने साफ किया कि सरकार की पहली प्राथमिकता बिहार के कोने-कोने और सुदूर गांवों तक तेज और भरोसेमंद इंटरनेट पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि तकनीक का असली फायदा तभी है जब वह आम आदमी की जिंदगी आसान बनाए। इसी सोच के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए टेलीमेडिसिन, सरकारी स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई के लिए डिजिटल क्लासरूम और किसानों की मदद के लिए खेती से जुड़ी तकनीकों को इंटरनेट के जरिए सीधे जनता तक पहुंचाया जाएगा।
टेलीकॉम से जुड़ी अड़चनों को दूर करने के लिए बना खास सिस्टम
नीतीश मिश्रा ने बताया कि राज्य में मोबाइल टावर, ऑप्टिकल फाइबर और नेटवर्क विस्तार के काम में आने वाली दिक्कतों को तेजी से सुलझाया जा रहा है। इसके लिए बिहार सरकार केंद्रीय संचार मंत्रालय के साथ मिलकर लगातार तालमेल बैठा रही है। राज्य स्तर पर एक ऐसा नया सिस्टम तैयार किया गया है, जहां नेटवर्क विस्तार से जुड़ी किसी भी समस्या का एक तय समय सीमा के अंदर समाधान निकाला जा सके, ताकि काम में कोई रुकावट न आए।
नवाचार और नई तकनीकों से तैयार हो रहा राज्य का मजबूत आईटी ढांचा
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया अभियान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार तेजी से नई राह पर बढ़ रहा है। सरकार राज्य में ऐसा आईटी माहौल तैयार कर रही है, जहां नई पीढ़ी के तकनीकी नवाचार और स्टार्टअप को सीधा बढ़ावा मिले। उन्होंने भरोसा जताया कि सरकारी सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल और नागरिक-केंद्रित बनाकर बिहार पूरे देश में डिजिटल बदलाव की एक नई मिसाल पेश करेगा।
इसे भी पढ़ें : सहकारिता योजनाओं पर मंत्री सख्त, बोले- फाइलें अटकाना बंद करें, तुरंत निपटाएं पेंडिंग काम


