अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : सीएम सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में बिहार के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर कई बड़े और चौंकाने वाले फैसले लिए गए। बैठक में कुल 17 अहम एजेंडों को मंजूरी दी गई, जिनका सीधा असर राज्य के पर्यटन, स्वास्थ्य सेवाओं, खेती-किसानी और रोजगार तंत्र पर पड़ेगा। सरकार ने जहां एक तरफ काशी विश्वनाथ की तर्ज पर गया के विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर और फल्गु नदी जोड़ योजना के लिए 3500 करोड़ रुपये से ज्यादा का खजाना खोल दिया, वहीं जेलों की खाली जमीन पर पेट्रोल पंप खोलने का अनूठा फैसला लेकर सबको चौंका दिया है। इसके साथ ही राज्य के पांच मेडिकल कॉलेजों में 366 डॉक्टरों की तत्काल तैनाती, मखाना और बागवानी के लिए करोड़ों का बजट और लगातार ड्यूटी से नदारद रहने वाले डॉक्टर की बर्खास्तगी जैसे कड़े और जरूरी कदम उठाकर सरकार ने साफ कर दिया कि विकास की रफ्तार और प्रशासनिक अनुशासन से कोई समझौता नहीं होगा।
- मखाना किसानों को बड़ा सहारा : मखाना की खेती और कारोबार को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने 89.79 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
- पाम ऑयल मिशन : राज्य में पाम ऑयल (ताड़ के तेल) की खेती के लिए 2.10 करोड़ रुपये की योजना पास की गई है।
- बागवानी पर जोर : फल, फूल और सब्जियों की बागवानी के लिए अगले दो साल में 78.34 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसमें से इस साल 68.66 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे।
- ईंट भट्ठा मालिकों को राहत : ईंट सत्र 2024-25 तक के पुराने बकाये को निपटाने के लिए वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) स्कीम को मंजूरी दे दी गई है।
- गांवों में शिकायत का पक्का इंतजाम : ग्रामीण रोजगार गारंटी मिशन से जुड़ी शिकायतों को निपटाने के लिए नए नियम (शिकायत निवारण नियमावली) पास किए गए हैं।
- तालाब-नदियों से गाद हटाने की नई नीति : राज्य के जलस्रोतों को ठीक रखने और नदियों-तालाबों से गाद (सिल्ट) निकालने के लिए नई गाद प्रबंधन नीति लागू की गई है।
- पशु विश्वविद्यालय में 6 नई नौकरियां : पटना के बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में पैरावेट स्कूल खोलने के लिए 6 नए पदों (4 अनुदेशक और 2 क्लर्क) को मंजूरी मिली है।
- डेंटल कॉलेजों में डॉक्टरों की भर्ती : राज्य के सरकारी डेंटल कॉलेजों और अस्पतालों में जब तक पक्की भर्ती या प्रमोशन नहीं होते, तब तक खाली पदों पर संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) पर डॉक्टर रखे जाएंगे।
- 5 मेडिकल कॉलेजों में 366 डॉक्टरों की बहाली : बेतिया, पूर्णिया, मधेपुरा, छपरा और समस्तीपुर मेडिकल कॉलेज में सहायक प्राध्यापक के 366 खाली पदों पर कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर भर्ती होगी।
- लापरवाह डॉक्टर बर्खास्त : नवंबर 2021 से बिना बताए ड्यूटी से गायब रहने वाले खगड़िया (बहादुरपुर) के डॉक्टर रवि शंकर प्रसाद को सरकारी नौकरी से निकाल दिया गया है।
- हवाई सेवा का होगा विस्तार : छोटे शहरों से उड़ानें शुरू करने के लिए केंद्र सरकार, एयरपोर्ट अथॉरिटी और बिहार सरकार के बीच नए समझौते (एमओयू) पर मुहर लगी है।
- विमानन विभाग में बहाली के नए नियम : सिविल एविएशन विभाग में तकनीकी और गैर-तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती व प्रमोशन के लिए नई नियमावली बनाई गई है।
- खनिज फाउंडेशन नियमों में बदलाव : जिला खनिज फाउंडेशन के नियमों में जरूरी संशोधन किए गए हैं।
- गया में काशी जैसा कॉरिडोर : गया के विष्णुपद मंदिर परिक्षेत्र को काशी विश्वनाथ की तर्ज पर सजाने और फल्गु नदी में पानी लाने के लिए सोन-फल्गु जोड़ योजना समेत कुल 3516.05 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं।
- सूचना आयोग में दो नए अफसर : बिहार सूचना आयोग में काम का बोझ घटाने के लिए दो नए राज्य सूचना आयुक्त के पद बनाए गए हैं।
- जेलों की खाली जमीन पर पेट्रोल पंप : पूर्णिया और मुजफ्फरपुर जेल की जमीन पर इंडियन ऑयल, जबकि बक्सर और भागलपुर जेल की जमीन पर एचपीसीएल के पेट्रोल पंप खोले जाएंगे।
- बाढ़ और सिंचाई के लिए 1000 करोड़ : बाढ़ से बचाव और नहरों-सिंचाई के कामों में पैसों की कमी न हो, इसके लिए आकस्मिकता निधि से 1000 करोड़ रुपये का अग्रिम मंजूर किया गया है।
इसे भी पढ़ें : पटना में होगा दिग्गज साहित्यकारों का जुटान, सीएम ने किया साहित्य समागम का ऐलान


