अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna / Vaishali : बिहार में बाढ़ के पानी ने भारी तबाही मचा रखी है। बुधवार को हालात का जायजा लेने के लिए सीएम सम्राट चौधरी और केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद जमीन पर उतरे। दोनों नेताओं ने सबसे पहले पटना जिले के मनेर और सारण के दिघवारा इलाके का हवाई सर्वे किया। इसके बाद वे जमीनी हकीकत परखने वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड पहुंचे। यहां तेरसिया पंचायत के तेरसिया और सरायपुर गांव में चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा था। प्रभावित इलाकों में पहुंचने के लिए सीएम और केंद्रीय मंत्री ने पहले नाव की सवारी की और फिर ट्रैक्टर पर बैठकर पानी में डूबे गांवों तक पहुंचे।
केले और मक्के की फसलें डूबीं, 50 लाख लोग बेघर
वैशाली के गांवों में पहुंचे दोनों नेताओं ने सीधे किसानों और ग्रामीणों से बात की। लोगों ने हाथ जोड़कर अपनी आपबीती सुनाई और बर्बादी के आवेदन सौंपे। ग्रामीणों ने बताया कि पानी भर जाने से उनके घर गिर गए हैं और सड़कें टूट चुकी हैं। लोगों ने मांग रखी कि उनके इलाके की सड़कों को ऊंचा किया जाए, नई सड़कें बनें और डूबी हुई फसलों का मुआवजा मिले। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हालात देखकर कहा कि इलाके में यह अब तक की सबसे भीषण बाढ़ है। इस बार 2016 के मुकाबले भी एक फीट ज्यादा पानी आया है। उन्होंने बताया कि खेतों में लगी केले और मक्के की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं। पूरे बिहार में लगभग 50 लाख लोगों को बाढ़ की वजह से अपना घर-बार छोड़कर सुरक्षित ठिकानों पर जाना पड़ा है। फसलों, मकानों के साथ-साथ मवेशियों का भी भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने भरोसा दिया कि संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार पूरी मजबूती से बिहार के साथ खड़ी है। अभी एक टीम आई है, जल्द ही दूसरी केंद्रीय टीम भी नुकसान की पूरी पड़ताल करने बिहार पहुंचेगी।


तत्काल 7 हजार की आर्थिक मदद, आकलन के बाद पूरा मुआवजा
निरीक्षण के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि पीड़ितों को फौरन राहत पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों के खाते में 7 हजार रुपये की अंतरिम सहायता राशि भेजना शुरू कर दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जैसे ही नुकसान का सटीक सर्वे पूरा होगा, नियमों के मुताबिक किसानों और ग्रामीणों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने संकट के समय तुरंत केंद्रीय टीम भेजने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुंगेर और भागलपुर में भी स्थिति का मुआयना किया जाएगा और समीक्षा बैठक कर राहत कार्यों की रफ्तार बढ़ाई जाएगी।

4 लोगों की जान बचाने वाले बच्चे विशाल को सम्मान
दौरे के दौरान एक भावुक पल भी देखने को मिला। सीएम ने बाढ़ के तेज बहाव के बीच अपने गांव के 4 लोगों की जान बचाने वाले बहादुर बच्चे विशाल कुमार को मंच से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ वाले इलाकों में लोगों के खाने के लिए कम्युनिटी किचन, दवाइयां और आवागमन के लिए नावों की व्यवस्था की गई है। इस मौके पर विधायक अवधेश सिंह, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत तमाम आला अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें : सम्राट सरकार ने खोला खजाना, कैबिनेट ने दी 17 अहम एजेंडों को मंजूरी

