अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में शुक्रवार को मौसम का मिजाज अचानक बिगड़ गया। मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के चलते बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर हवाई सेवाओं की रफ्तार पूरी तरह थम गई। खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण अकेले इंडिगो एयरलाइंस की 12 जोड़ी यानी आने-जाने वाली कुल 24 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। अचानक फ्लाइट्स कैंसिल होने से एयरपोर्ट पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी। कई लोग जरूरी काम, मेडिकल इमरजेंसी और इंटरव्यू के लिए निकलने वाले थे, जो एयरपोर्ट पर ही घंटों फंसे रह गए।
आसमान में चक्कर लगाते रहे विमान
शुक्रवार सुबह से ही शहर में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई थी। इस वजह से रनवे पर दृश्यता काफी कम हो गई और सुबह आने वाले विमान तय समय पर उतर नहीं सके। सुबह करीब 9 बजे तक कई फ्लाइट्स रांची के आसमान में ही चक्कर काटती रहीं और एटीसी से हरी झंडी न मिलने के कारण उनकी लैंडिंग टलती रही। मौसम में सुधार न होता देख सुरक्षा कारणों से एयरलाइंस ने एक के बाद एक कई उड़ानों को रद्द करने का फैसला लिया।
दिल्ली, मुंबई और कोलकाता समेत प्रमुख शहरों का संपर्क टूटा
मौसम की इस मार से देश के लगभग सभी प्रमुख महानगरों से रांची का हवाई संपर्क दिनभर कटा रहा। इंडिगो ने कोलकाता, पुणे, बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई, अहमदाबाद, दिल्ली और पटना आने-जाने वाली प्रमुख उड़ानों को रद्द कर दिया। इनमें दिल्ली-रांची-दिल्ली रूट की तीन अलग-अलग उड़ानें, कोलकाता की तीन उड़ानें और मुंबई, पुणे व बेंगलुरु से जुड़ी कई कनेक्टिंग फ्लाइट्स शामिल थीं। इसके अलावा अहमदाबाद और पटना सेक्टर की सेवाएं भी प्रभावित रहीं। अचानक फ्लाइट्स रद्द होने की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट के भीतर टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं।
घर से निकलने से पहले जांच लें स्टेटस, सुरक्षा पहली प्राथमिकता
एयरपोर्ट डायरेक्टर विनोद कुमार ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सबसे ऊपर है और मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए ही उड़ानों को रद्द करने का फैसला लिया गया। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें, क्योंकि मौसम खराब रहने पर समय में बदलाव या कैंसिलेशन की नौबत आ सकती है। उधर इंडिगो ने भी कहा है कि प्रभावित यात्रियों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल पर सूचना भेजी जा रही है। एयरलाइन ने यात्रियों से एयरपोर्ट आने से पहले स्टेटस कन्फर्म करने की सलाह दी है, ताकि बेवजह की परेशानी से बचा जा सके।
इसे भी पढ़ें : रामगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन भरोसा’ हिट, 7 जिलों से खोज निकाले 61 गुमशुदा मोबाइल



