अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन के बाद गुरुवार की सुबह से ही मोरहाबादी स्थित आवास पर शोक जताने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह गवर्नर संतोष कुमार गंगवार खुद सीएम के आवास पहुंचे और स्वर्गीय रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। गवर्नर ने शोकाकुल सीएम हेमंत सोरेन और उनके परिवार के लोगों से मिलकर गहरी संवेदना जताई और इस मुश्किल घड़ी में परिजनों को ढांढस बंधाया।

गवर्नर ने बंधाया ढांढस, कहा- परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति
सुबह के वक्त पहुंचे गवर्नर संतोष कुमार गंगवार ने सीएम हेमंत सोरेन के पास बैठकर काफी देर तक बात की और परिवार का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि मां का साया सिर से उठना जीवन का सबसे बड़ा दुख होता है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। गवर्नर ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को शांति दें और शोकाकुल परिजनों को इस विकट घड़ी को सहन करने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करें।

पक्ष और विपक्ष के दिग्गजों ने भी दी श्रद्धांजलि
मोरहाबादी आवास पर अंतिम दर्शन करने वालों का सिलसिला लगातार चलता रहा। राज्य सरकार के मंत्री चमरा लिंडा और मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के अलावा सांसद विजय हांसदा और सांसद ढुल्लू महतो ने भी पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। पक्ष ही नहीं, विपक्ष के कई बड़े नेता भी शोक जताने पहुंचे। पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा, पूर्व सीएम चम्पाई सोरेन और पूर्व डिप्टी सीएम सुदेश महतो ने पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र चढ़ाकर नमन किया और सोरेन परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

अधिकारियों और आम लोगों की भी जुटी रही भारी भीड़
आवास परिसर में कई वर्तमान और पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री, राज्य के आला प्रशासनिक अधिकारी और आम कार्यकर्ताओं का तांता लगा रहा। वहां मौजूद सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उपस्थित लोगों का कहना था कि रूपी सोरेन का जाना झारखंड और सोरेन परिवार के लिए एक बड़ा खालीपन छोड़ गया है, और दुख की इस घड़ी में हर कोई परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।

इसे भी पढ़ें : आंदोलन के अंगारों पर आंचल बिछाने वाली ‘मां’ अब सदा के लिये शांत


