अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची में संगठित अपराध और रंगदारी के सिंडिकेट पर नकेल कसते हुए पुलिस ने कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के पांच शातिर गुर्गों को दबोच लिया है। पकड़े गए बदमाशों में धुर्वा का सौरभ कुमार उर्फ विलेन, डैम साइड का ऋषभ कुमार, डोरंडा का आदित्य कुमार उर्फ कुंदन, चुटिया की अमरावती कॉलोनी का मोहित पासवान और रामगढ़ के मरार का रहने वाला गुड्डू मिश्रा शामिल है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान सीठियो इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच एनकाउंटर भी हुआ, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश को तुरंत पुलिस कस्टडी में रिम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इनके पास से तीन लोडेड पिस्टल, गोलियां, मैगजीन, मोबाइल फोन और वारदात की रेकी में इस्तेमाल की जा रही एक कार भी जब्त की है।
रिंग रोड पर कार से घूम रहे थे बदमाश, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
शुक्रवार को रांची पुलिस को पुख्ता इनपुट मिला था कि राहुल दुबे गैंग के कुछ शार्प शूटर एक कार में सवार होकर रिंग रोड के आसपास मंडरा रहे हैं और शहर में किसी बड़े कारोबारी को निशाना बनाने या बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही रांची एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी और रूरल एसपी की देखरेख में हटिया डीएसपी के नेतृत्व में एक स्पेशल स्ट्राइक टीम बनाई गई। टीम ने रिंग रोड के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रुकवाया और उसमें बैठे चार बदमाशों को बिना मौका दिए धर दबोचा। जब कार और बदमाशों की तलाशी ली गई, तो उनके पास से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस, मैगजीन और कई मोबाइल फोन बरामद हुए। पकड़े जाने के बाद चारों ने खुद को राहुल दुबे गैंग का सक्रिय सदस्य बताया।

सीठियो में पुलिस टीम पर चलाई गोली, जवाबी फायरिंग में घायल हुआ बदमाश
कार से पकड़े गए चारों आरोपियों से जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने गैंग के एक और साथी के सीठियो इलाके में छिपे होने की बात कबूल की। पुलिस टीम तुरंत चारों की निशानदेही पर सीठियो पहुंची और इलाके की घेराबंदी शुरू की। खुद को घिरता देख वहां छिपे बदमाश ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग झोंक दी। पुलिस के जवानों ने मोर्चा संभालते हुए आत्मरक्षा में जवाबी गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में जा लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर उसके हाथ से एक पिस्टल, कारतूस और मोबाइल बरामद किया। घायल हालत में उसे फौरन रिम्स भेजा गया।
होटल से लेकर कोयलांचल तक की फायरिंग में शामिल था गिरोह
शुरुआती जांच और पूछताछ में पता चला है कि इस गिरोह के तार झारखंड के कई बड़े फायरिंग कांडों से जुड़े हुए हैं। हाल के दिनों में रांची के कांके इलाके में दहशत फैलाने के लिए की गई फायरिंग, हजारीबाग के जाने-माने ए.के. इंटरनेशनल होटल पर हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी, उरीमारी और कोयलांचल क्षेत्र टंडवा में कारोबारियों से लेवी वसूलने के लिए की गई वारदातों में भी इसी गैंग के हाथ होने की बात सामने आई है। पुलिस अब इन सभी मामलों में पकड़े गए पांचों आरोपियों का रोल खंगाल रही है और गैंग के बाकी सदस्यों व आर्म्स सप्लायरों तक पहुंचने के लिए छापेमारी तेज कर दी है।
इसे भी पढ़ें : शुभ यात्रा ट्रैवल्स का ‘अशुभ’ खेल, पति-पत्नी समेत तीन गिरफ्तार… जानें मामला



