New Delhi : भारत के प्रतिष्ठित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) ने तुर्किये विश्वविद्यालय के साथ समझौता स्थगित कर दिया है। यह निर्णय सुरक्षा कारणों से लिया गया है, क्योंकि तुर्किये ने पाकिस्तान को भारत पर हमले के लिए रक्षा उपकरण मुहैया कराए थे।
जेएनयू द्वारा जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है, “राष्ट्रीय सुरक्षा कारणों से JNUऔर तुर्किये के इनोनू विश्वविद्यालय के बीच समझौता ज्ञापन को अगली सूचना तक निलंबित कर दिया गया है।”
इनोनू विश्वविद्यालय, जो तुर्किये के मालट्या में स्थित है, ने जेएनयू के साथ क्रॉस-कल्चरल रिसर्च और छात्र सहयोग को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत तीन साल के लिए समझौता किया था। इस समझौते पर हस्ताक्षर 3 फरवरी को किए गए थे।
समझौता रद्द करने का निर्णय भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच लिया गया है। हाल ही में, दोनों देशों ने सीमा पार से ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद सैन्य कार्रवाई रोकने के लिए 10 मई को एक समझौता किया था।
इसके अलावा, तुर्किये के समर्थन के कारण देशभर में तुर्की के सामान और पर्यटन का बहिष्कार करने की मांग उठ रही है। कई ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म, जैसे ईजमाईट्रिप और इक्सिगो, ने इन देशों की यात्रा के खिलाफ सलाह जारी की है।