अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : बिहार के सिवान से एक परिवार घरेलू विवाद के चलते उत्तर प्रदेश के देवरिया पहुंचा और भागलपुर पुल पर सरयू नदी में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों की तत्परता और नाविकों की मदद से चार में से तीन लोगों को समय रहते बचा लिया गया, जबकि परिवार की युवती ने नदी में छलांग लगा दी। उसे नाविकों ने बचा लिया और महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पुलिस ने परिवार को समझा-बुझाकर घर भेज दिया।
GRP ने परिवार को सौंपा युवती
मिली जानकारी के अनुसार सिवान के आंदर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति की बेटी अपने मौसा के साथ छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से दुर्ग नौतनवा एक्सप्रेस से घर लौट रही थी। युवती के पिता, मां और नानी उसे रिसीव करने गोरखपुर जा रहे थे। रास्ते में मौसा ने फोन कर बताया कि युवती मनकापुर स्टेशन पर उतर गई है। परिजन मनकापुर पहुंचे, जबकि मौसा भी अगले स्टेशन से मनकापुर लौट आए। युवती GRP के पास पहुंच गई और शाम साढ़े सात बजे उसे परिवार को सौंप दिया गया।
युवती को नाविकों ने बचा लिया
गोरखपुर से सिवान लौटते समय रास्ते में युवती और परिवार के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। युवती की किसी हरकत से नाराज पिता, मां और नानी ने पहले उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। नाराजगी में पूरे परिवार ने आत्महत्या का फैसला लिया और शनिवार सुबह भागलपुर पुल पर पहुंच गए। पिता ने पहले रेलिंग पर चढ़कर नदी में कूदने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद युवती ने नदी में छलांग लगा दी, जिसे नाविकों ने बचा लिया। पुलिस ने मामले को संभालते हुए परिवार को समझाया और उन्हें घर भेज दिया।
इसे भी पढ़ें : दिग्गज एक्टर कोटा श्रीनिवास राव नहीं रहे, तीन रोज पहले मनाया था जन्मदिन

