WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now
अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र के तमदागा गांव में पुलिस ने अवैध विदेशी शराब के एक बड़े भंडारण का खुलासा किया है। यह कार्रवाई नावाबाजार पुलिस ने एसपी रिष्मा रमेशन के निर्देश पर 12 जुलाई को गुप्त सूचना के आधार पर की। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने संजय सिंह के नए पक्के मकान पर छापेमारी की। इस दौरान एक व्यक्ति मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम योगेन्द्र सिंह (पिता–बिशुनधारी सिंह, ग्राम–तमदागा) बताया।
पुलिस द्वारा घर की तलाशी लेने पर दो कमरों में भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद हुई, जिसके संबंध में कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए गए। बरामद शराब में 180 एमएल की 10,320 बोतल, 350 एमएल की 7,200 बोतल और 750 एमएल की 240 बोतल शामिल हैं। कुल 17,770 बोतल शराब जब्त की गई।
आरोपी योगेन्द्र सिंह ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह इस अवैध कारोबार में मकान मालिक संजय सिंह, बिहार निवासी सोनू सिंह और अन्य लोगों के साथ शामिल था। वह शराब की लोडिंग, अनलोडिंग और निगरानी (रेकी) का काम करता था, जिसके बदले में उसे पैसे मिलते थे। पुलिस ने योगेन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस पूरे मामले की जानकारी रविवार को पलामू की एसपी रिष्मा रमेशन ने दी।

