अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Latehar : लातेहार में गुजरे 14 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण बारेसांढ़ घाटी में लैंडस्लाइड यानी भूस्खलन हो गया है। इससे लातेहार-महुआडांड़ सड़क पूरी तरह बंद हो गई है। यह रास्ता लातेहार और पलामू को छत्तीसगढ़ से जोड़ता है। इसके साथ ही सुग्गा बांध और लोध फॉल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों का संपर्क भी टूट गया है। लैंडस्लाइड की यह घटना बुधवार दोपहर की है, जब अचानक घाटी में पहाड़ी पत्थर और मिट्टी सड़क पर गिर गए। गनीमत रही कि हादसे के वक्त वहां कोई वाहन मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
पर्यटक और यात्री फंसे
बारिश के चलते सुग्गा बांध और लोध फॉल का नजारा बेहद खूबसूरत हो गया था, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक वहां पहुंचे थे। लेकिन भूस्खलन के कारण सड़क जाम हो गई और पर्यटक व अन्य यात्री फंस गए। महुआडांड़, नेतरहाट और छत्तीसगढ़ की ओर जाने वाले लोग भी इस स्थिति से प्रभावित हुए हैं।
प्रशासन ने शुरू किया राहत कार्य
लैंडस्लाइड की जानकारी मिलते ही SDM विपिन कुमार दुबे ने तत्काल राहत कार्य शुरू करने का निर्देश दिया। प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचे और सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया।लातेहार पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता प्रभाकर सिंह की टीम भी मौके पर मौजूद है और सड़क को फिर से चालू करने के लिए काम कर रही है। एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने बताया कि जल्द ही सड़क से मिट्टी और पत्थर हटाकर यातायात बहाल कर दिया जाएगा। लातेहार में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है, लेकिन प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और राहत कार्य तेजी से जारी है।
इसे भी पढ़ें : जंगल में एनका’उंटर : इनामी नक्सली ढेर, जवान शहीद, ग्रामीण की भी मौ’त
इसे भी पढ़ें : “जिसके दम पर फुरफरा रहे हो न, वो बचाने नहीं आयेंगे”, कमांडर के नाम का पोस्ट वायरल



