अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : पटना के बहादुरपुर थाना क्षेत्र में बीती रात दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान एक युवक ने गोली चला दी, जिससे सड़क किनारे अंडा बेचने वाली 45 वर्षीय बेबी देवी घायल हो गई। गोली उनके शरीर को छूकर निकली। उन्हें तुरंत पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना से बहादुरपुर की झोपड़पट्टी में हड़कंप मच गया और दोनों गुटों के युवक मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की सूचना मिलते ही बहादुरपुर और मुसल्लहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी-2 गौरव कुमार और सिटी एसपी परिचय कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, विवाद स्थानीय युवकों के बीच किसी बात को लेकर शुरू हुआ, जो मारपीट से बढ़कर फायरिंग तक पहुंच गया। पुलिस ने मौके से तीन बाइक बरामद की हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। डीएसपी गौरव कुमार ने बताया कि बदमाशों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पटना में बढ़ती आपराधिक घटनाएं
पटना में हाल के दिनों में आपराधिक घटनाओं में वृद्धि देखी गई है। दो दिन पहले शास्त्री नगर के पारस अस्पताल में गैंगस्टर चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके अलावा, शहर के नामी कारोबारी गोपाल खेमका, रेत कारोबारी रमाकांत यादव, किराना व्यापारी विक्रम झा और अधिवक्ता जितेंद्र कुमार की हत्या जैसे हाई-प्रोफाइल मामले भी सामने आए हैं। इन घटनाओं ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। भयभीत स्थानीय लोग अब अधिक पुलिस गश्त और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस का आश्वासन
डीएसपी गौरव कुमार ने कहा, “हम स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। शहर में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।”
इसे भी पढ़ें : अब इस मशहूर एक्टर ने छोड़ी दुनिया, दिग्गज सितारों के साथ कर चुके काम

