अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के गृह विभाग में खाली पड़े पदों को जल्द भरने की तैयारी शुरू हो गई है। शुक्रवार को गृह विभाग में रिक्त पदों पर नियुक्ति को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार ने की। इस दौरान गृह विभाग, पुलिस मुख्यालय और अलग-अलग निदेशालयों से मिली नियुक्ति संबंधी रिपोर्ट की समीक्षा की गई। बैठक में साफ तौर पर कहा गया कि जिन पदों पर नियुक्ति होनी है, उनकी प्रक्रिया को अब तेजी से आगे बढ़ाया जाए।
सभी निदेशालयों की रिपोर्ट एक जगह होगी तैयार
बैठक में प्रधान सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निदेशालयों से मिली रिपोर्ट को एक साथ जोड़कर एक समेकित रिपोर्ट तैयार की जाए। इसमें विभाग के अलग-अलग पदों की कितनी रिक्तियां हैं और उनके खिलाफ नियुक्ति की प्रक्रिया अभी किस स्थिति में है, इसकी पूरी जानकारी होनी चाहिए। इससे यह साफ हो सकेगा कि कौन सा पद खाली है और उस पर नियुक्ति के लिए अब तक क्या कार्रवाई हुई है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नियुक्ति की प्रक्रिया को सिर्फ रिपोर्ट तैयार करने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि जहां जो कार्रवाई जरूरी है, उसे समय पर पूरा किया जाए। विभाग में खाली पदों को जल्द भरने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने को कहा गया।
रोस्टर क्लियरेंस से लेकर विज्ञापन तक पर नजर
प्रधान सचिव ने कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया के हर चरण की स्थिति देखी जाए। जिन पदों का रोस्टर क्लियरेंस हो चुका है, वहां आगे की कार्रवाई जल्द शुरू की जाए। वहीं जिन पदों के लिए अधियाचना भेजी जानी है या विज्ञापन जारी होना बाकी है, उनकी प्रक्रिया भी तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि किस पद पर प्रक्रिया कहां तक पहुंची है, इसकी नियमित जानकारी ली जाए। अगर किसी स्तर पर कोई परेशानी या देरी हो रही है तो उसे दूर करने के लिए तुरंत जरूरी कदम उठाए जाएं।
हर चरण की होगी नियमित समीक्षा
बैठक में प्रधान सचिव ने अधिकारियों को नियुक्ति प्रक्रिया की लगातार समीक्षा करने का निर्देश दिया। उनका कहना था कि विभाग में खाली पदों को जल्द भरना जरूरी है, ताकि कामकाज प्रभावित न हो और विभाग को जरूरत के मुताबिक कर्मचारी उपलब्ध हो सकें। बैठक में गृह विभाग के विशेष सचिव अनिल कुमार चौधरी, आईजी मुख्यालय मनोज कुमार, निदेशक अभियोजन सुधांशु कुमार चौबे, अपर सचिव कुंदन कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी आदित्य कुमार झा सहित गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : 1.17 लाख किसानों के खाते में पहुंचे 104 करोड़, फसल नुकसान पर 20 हजार तक मिलेगी मदद

