अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bettiah : बिहार के बेतिया जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए जिला प्रशासन ने शिक्षकों और छात्रों को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) रविंद्र कुमार की ओर से सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि शिक्षक अब जींस, टी-शर्ट या अनौपचारिक कपड़े पहनकर स्कूल नहीं आएंगे। इसके बजाय, उन्हें औपचारिक पोशाक पहनना जरूरी होगा।
शिक्षकों को आई कार्ड पहनना होगा जरूरी
हर शिक्षक और प्रधानाध्यापक को अब स्कूल और किसी भी विभागीय बैठक में पहचान पत्र (आई कार्ड) पहनना अनिवार्य किया गया है। इसका खर्च स्कूल की कंपोजिट ग्रांट से उठाया जाएगा।
छात्रों की गिरती उपस्थिति पर DEO गंभीर
DEO ने प्लस टू हाई स्कूलों में छात्रों की कम होती उपस्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिया है कि वे हर छात्र के अभिभावक का मोबाइल नंबर रिकॉर्ड करें और जो छात्र लगातार अनुपस्थित हैं, उनके माता-पिता से संपर्क करें। उद्देश्य यह जानना है कि छात्र स्कूल क्यों नहीं आ रहे क्या वे बीमार हैं या किसी और वजह से अनुपस्थित हैं।
हर स्कूल से मांगी जाएगी उपस्थिति रिपोर्ट
सभी स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वे छात्रों की उपस्थिति की रिपोर्ट समय-समय पर जिला शिक्षा कार्यालय को भेजें। इसके साथ ही, स्कूलों में समय-समय पर अभिभावक-शिक्षक बैठकें भी आयोजित की जाएंगी ताकि माता-पिता को बच्चों की पढ़ाई और स्कूल के माहौल से जोड़ा जा सके।
DEO बोले: शिक्षा में सुधार पहली प्राथमिकता
रविंद्र कुमार ने कहा, “हमारी कोशिश है कि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधरे और छात्र नियमित रूप से स्कूल आएं। इसके लिए जरूरी अनुशासन और अभिभावकों की भागीदारी बेहद जरूरी है।”


