अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने पीली टोपी पहनकर मीडिया से बातचीत के दौरान अपनी नई रणनीति और ‘टीम तेजप्रताप’ के जरिए युवाओं को समर्थन देने की बात कही। उन्होंने महुआ सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की।
‘टीम तेजप्रताप’ का मिशन : युवा, शिक्षा और रोजगार
तेजप्रताप ने कहा, “टीम तेजप्रताप एक प्लेटफॉर्म है। हमारी टीम उन सभी युवाओं को समर्थन देगी जो चुनाव लड़ना चाहते हैं। हम शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं की बात करने वालों के साथ हैं। पूरी उम्मीद है कि इस बार चाचा (नीतीश कुमार) सीएम नहीं बनेंगे।” उन्होंने दावा किया कि जो युवा और जनहित की बात करेगा, वही सरकार बनाएगा।
महुआ सीट पर कड़ा मुकाबला
तेजप्रताप ने महुआ सीट से चुनाव लड़ने की पुष्टि करते हुए कहा, “हम पहले ही बोल चुके हैं कि महुआ से चुनाव लड़ेंगे। विरोधियों को खुजली शुरू हो गई है, वे गाल खुजलाते रहेंगे।” गौरतलब है कि महुआ सीट पर वर्तमान में RJD के मुकेश कुमार विधायक हैं, जिन्होंने 2020 के चुनाव में जेडीयू की आशमा परवीन को 13,687 वोटों से हराया था।
शाहपुर से भी निर्दलीय समर्थन
तेजप्रताप ने भोजपुर के शाहपुर से भी निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन देने की बात कही। उन्होंने कहा, “शाहपुर से लोग पूरे दमखम के साथ जुड़े हैं। हम दोनों भाई मिलकर इस चुनौती को स्वीकार कर रहे हैं। मदन जी को निर्दलीय जीताने और सदन भेजने की रणनीति बना रहे हैं।”
पीली टोपी, नया अंदाज
तेजप्रताप पहली बार पीली टोपी में नजर आए, जो पहले हरी टोपी पहनते थे। पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा, “टीम तेजप्रताप यादव के झंडे में पीला और हरा दोनों रंग हैं।” यह नया लुक उनकी बदली रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
‘टीम तेजप्रताप’ का नया फेसबुक पेज
RJD से 6 साल के लिए निष्कासित तेजप्रताप ने हाल ही में फेसबुक पर ‘टीम तेजप्रताप यादव’ नाम से नया पेज लॉन्च किया है। पेज के कवर इमेज पर लिखा है, “जिसका कायम है प्रताप, वह है आपका अपना तेजप्रताप।” यह पेज उनकी नई राजनीतिक पहचान को दर्शाता है।
आगे की रणनीति
तेजप्रताप की इस घोषणा से बिहार की सियासत में हलचल मच गई है। उनकी निर्दलीय उम्मीदवारी और ‘टीम तेजप्रताप’ के जरिए युवाओं को जोड़ने की रणनीति RJD और अन्य दलों के लिए चुनौती बन सकती है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि तेजप्रताप का यह कदम बिहार विधानसभा चुनाव में क्या रंग लाता है।
इसे भी पढ़ें : जालिम पति… ससुराल में क्या कर डाला गर्भवती पत्नी के साथ



