अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में 9 अक्टूबर को हुई 20 लाख रुपये की डकैती का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि इस मामले में पांच कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से चोरी का सामान और हथियार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुणाल सिंह मुंडा (बिरसानगर जोन नंबर 3), कृष्णा लोहार उर्फ पाड़ी (बिरसानगर जोन नंबर 6), सयोराज सिंह उर्फ जस्से (आदित्यपुर रोड नंबर एक जनता फ्लैट), फहीम आलम (जुगसलाई मिल्लतनगर) और मोहम्मद सद्दाम (गरीब नवाज कॉलोनी, जुगसलाई) के रूप में की है। एसपी ने बताया कि ये सभी आरोपी पहले से कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं, जिनमें हत्या और चोरी के मुकदमे भी दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, मैगजीन में लोड दो जिंदा कारतूस, एक सोने का ब्रेसलेट, टाइटन कंपनी की घड़ी, बिना नंबर की एक स्कूटी और एक ऑटो बरामद किया। जांच में यह भी सामने आया कि अपराधियों ने पूरी योजना बनाकर कदमा के रामनगर रोड नंबर 2 स्थित दीपराज सिंह के घर में डकैती की थी। इस मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस ने विशेष छापेमारी टीम का गठन किया था, जिसमें मुख्यालय-2 डीएसपी मनोज कुमार ठाकुर, डीएसपी सन्नी वर्धन, कदमा थाना प्रभारी प्रवेश चंद्र सिन्हा, बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे, एसआई दीपक कुमार महतो, मंटू कुमार, आमिर हमजा और एएसआई तसौवर हुसैन खां शामिल थे।
पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस का कहना है कि शहर में अपराधियों के खिलाफ सतत कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को कानून से ऊपर नहीं रहने दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : बाइक चोरी कर बदल देते थे चेसिस नंबर तक, पुलिस ने ध्वस्त किया पूरा नेटवर्क

