अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची की गलियों और चौक-चौराहों में दुर्गा पूजा का माहौल हर ओर नजर आ रहा है। शुक्रवार से शहर के सभी बड़े पंडालों के पट श्रद्धालुओं के लिए खुलने जा रहे हैं। इस बार, श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए हैं।
2500 जवान संभाल रहे सुरक्षा की कमान
हर बड़े पंडाल में पर्याप्त पुरुष और महिला पुलिसकर्मी तैनात हैं। जिला पुलिस के साथ-साथ जैप, रैप, सीआरपीएफ और रैफ भी सुरक्षा में जुटे हैं। संवेदनशील इलाकों में विशेष सुरक्षा टीमों को तैनात किया गया है। कुल मिलाकर करीब 2500 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी दुर्गा पूजा की सुरक्षा में लगे हैं। रांची एसएसपी राकेश रंजन खुद सड़कों पर निकलकर पेट्रोलिंग और पीसीआर टीमों को दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
मनचलों और उचक्कों पर विशेष निगरानी
भीड़ में मनचलों, उचक्कों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी ऐसे लोगों को तुरंत पकड़ेंगे। शहर के सुनसान इलाकों में भी पेट्रोलिंग जारी रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। एसएसपी ने थानों को स्पष्ट आदेश दिए हैं कि माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
आसमान से भी होगी निगहबानी
राजधानी के महत्वपूर्ण पंडालों के आसपास आसमान से ड्रोन निगरानी से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। देर शाम के बाद भी पुलिस लगातार चौक-चौराहों और मैदानों में गश्त करेगी। सभी डीएसपी और थानेदारों को भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा से कोई समझौता नहीं : एसएसपी
रांची एसएसपी राकेश रंजन ने कहा, “दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। सोशल मीडिया और असामाजिक तत्वों पर हमारी पैनी नजर है। माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।”
इसे भी पढ़ें : महज 19 साल की उम्र में कर गया बड़ा खेला, अब CID ने निकाली हेकड़ी

