अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Garhwa (Nityanand Dubey) : गढ़वा जिले में अवैध बालू खनन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सदर SDM संजय कुमार ने गढ़वा प्रखंड के हरैया गांव में औचक निरीक्षण किया।
हरैया गांव में मिला भारी मात्रा में बालू भंडार
निरीक्षण के दौरान हरैया गांव में एक निजी स्टॉक यार्ड के नाम से चिन्हित स्थल पर लगभग 300 ट्रैक्टर ट्रॉली के बराबर बालू का विशाल भंडार पाया गया। मौके पर लगे बोर्ड से यह निजी यार्ड बताया जा रहा था, लेकिन प्रारंभिक जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
ताजा डंपिंग के स्पष्ट निशान मिले
SDM ने निरीक्षण के दौरान पाया कि यार्ड के आसपास ट्रैक्टरों की हालिया आवाजाही के निशान मौजूद थे। बालू के ताजा डंप किए जाने के प्रमाण मिले, जिससे यह संदेह गहरा गया कि यहां अवैध तरीके से बालू का भंडारण किया जा रहा है।
व्यवसायी नहीं दिखा सके वैध कागजात
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने मौके पर ही अंचल अधिकारी सफी आलम को बुलाया और जिला खनन पदाधिकारी को फोन पर जानकारी दी। पूछताछ के दौरान संबंधित व्यवसायी ने भंडारण और बिक्री का लाइसेंस होने का दावा किया, लेकिन हाल ही में लाई गई बालू के स्रोत और वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
बालू की खरीद बिक्री और परिवहन पर रोक
सदर SDM संजय कुमार ने जांच पूरी होने तक उक्त स्थल से बालू के किसी भी प्रकार के परिवहन, खरीद और बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का आदेश दिया। साथ ही अंचल अधिकारी और जिला खनन पदाधिकारी को संयुक्त रूप से पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
अवैध पाए जाने पर होगी सख्त कार्रवाई
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में बालू का भंडारण अवैध पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से जिले के अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
प्रशासन का सख्त संदेश
प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि गढ़वा जिले में अवैध खनन और नियमों के विरुद्ध भंडारण को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : जब शहर सो रहा था, DLSA सचिव सड़कों पर बांट रहीं थीं राहत

