अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bokaro : झारखंड के बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र में एक बेहद दुखद घटना घटी है। यहाँ रहने वाली एक 12 साल की मासूम आदिवासी बच्ची के साथ दरिंदगी की गयी है। जानकारी के अनुसार, घटना के समय बच्ची के माता-पिता घर पर नहीं थे। वे रोज की तरह सुबह मजदूरी करने के लिए बाहर गए हुए थे। बच्ची को घर में अकेला पाकर आरोपी ने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
किराए के मकान में रहता था आरोपी
पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी का नाम सत्येंद्र यादव है। वह बिहार के रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र का निवासी है। सत्येंद्र यहाँ बन रहे कोलकाता से वाराणसी सिक्स लेन एक्सप्रेस-वे के काम में लगा हुआ था। वह पत्थर तोड़ने वाली मशीन का ऑपरेटर है और पीड़ित बच्ची के घर के पास ही किराए के कमरे में रहता था।
ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ा
जब आरोपी ने मासूम के साथ गलत काम करने की कोशिश की, तो बच्ची के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को अपनी हिरासत में लिया और थाने ले आई।
पुलिस ने दर्ज किया केस
जरीडीह सर्किल इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी सत्येंद्र यादव पर पॉक्सो एक्ट और अन्य कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बच्ची को न्याय दिलाने के लिए सभी जरूरी कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : एक दूसरे का हाथ पकड़ 9वीं मंजिल से कूद गईं तीन सगी बहनें, मचा तहलका

