अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची में एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। इस बार रातू रोड के गैलेक्सिया मॉल में स्थित पासपोर्ट ऑफिस को निशाना बनाते हुए धमकी भरा ईमेल भेजा गया है। ईमेल के जरिए अज्ञात अपराधियों ने पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी है। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस की टीम और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गई।
पासपोर्ट ऑफिस के हर कोने की तलाशी
पुलिस और बीडीएस टीम ने गैलेक्सिया मॉल स्थित पासपोर्ट ऑफिस के अंदर और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच कर रही है। टीम ने ऑफिस के हर कमरे, परिसर और आसपास के हिस्सों की तलाशी ली। हालांकि अब तक की जांच में कहीं से भी किसी तरह का संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है। डीएसपी सोय का कहना है कि फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।

ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब उस ईमेल की जांच कर रही है जिसके जरिए धमकी दी गई है। साइबर टीम को भी अलर्ट कर दिया गया है ताकि ईमेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मेल कहां से और किसने भेजा है।
पहले भी मिल चुकी है बम से उड़ाने की धमकी
गौरतलब है कि इससे पहले भी रांची में इस तरह की धमकी मिल चुकी है। पिछले सप्ताह रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। अज्ञात शख्स ने ईमेल भेजकर आरडीएक्स से विस्फोट करने की बात कही थी। उस समय भी धमकी भरा मेल मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया था और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।

सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए रांची पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। डीएसपी प्रकाश सोय का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही ईमेल भेजने वाले की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर में कई थानेदार इधर से उधर, दो लाइन हाजिर



