अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ जिले के पतरातू स्थित पीवीयूएनएल में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन एसीसी टू में डक्ट इन प्लेट सील टूटने से वहां काम कर रहे 11 मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई।
सील टूटते ही मजदूर हुए घायल
मिली जानकारी के अनुसार, पीवीयूएनएल में आरपीपी के नौ और भेल के दो मजदूर यूनिट वन और टू के एसीसी टू डक्ट में इन प्लेट सील का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान तकनीकी खराबी के कारण सील टूट गई। अचानक हुए इस हादसे में सभी 11 मजदूर चोटिल हो गए।
घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को पीटीपीएस अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार सभी मजदूर खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। घायल मजदूर गढ़वा और पलामू जिले के रहने वाले हैं।
प्रबंधन ने बनाई जांच टीम
हादसे के बाद पीवीयूएनएल प्रबंधन ने मामले की जांच के लिए एक टीम गठित कर दी है। वहीं संयंत्र में अन्य कार्य सामान्य रूप से जारी है।
रामगढ़ के पतरातू स्थित पीवीयूएनएल में निर्माणाधीन एसीसी टू में डक्ट इन प्लेट सील टूटने से 11 मजदूर घायल हो गए। सभी का इलाज पीटीपीएस अस्पताल में जारी है। प्रबंधन ने जांच टीम बनाई है।#ntpc #patratu #newssamvad pic.twitter.com/iFrS1p61vd
— News Samvad (@newssamvaad) January 31, 2026
लापरवाही को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोगों का कहना है कि प्रबंधन और ठेका कंपनी की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। अगर सुरक्षा मानकों का ठीक से पालन किया जाता तो मजदूर घायल होने से बच सकते थे।
इसे भी पढ़ें : शोर के शहर में सुकून की कोशिश, रांची पुलिस का रोड रोलर एक्शन… देखें वीडियो

