अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार की सियासी गलियों में इन दिनों हलचल मची हुई है। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के वरिष्ठ नेता और मंत्री अशोक चौधरी ने जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर के खिलाफ ₹100 करोड़ का मानहानि मुकदमा दर्ज कराया है। यह मुकदमा प्रशांत किशोर द्वारा हाल ही में की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद आया, जिसमें उन्होंने अशोक चौधरी पर भ्रष्टाचार और जमीन के हेराफेरी जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।
प्रशांत किशोर के आरोप
प्रशांत किशोर ने दावा किया कि अशोक चौधरी ने अपने पर्सनल असिस्टेंट योगेंद्र दत्त के साथ मिलकर 2019 में विक्रम में 23 कट्ठा जमीन खरीदी थी। उनके अनुसार, दो साल बाद यह जमीन अशोक चौधरी की बेटी शांभवी चौधरी के नाम कर दी गई और इसके लिए योगेंद्र दत्त को ₹10 लाख दिए गए। किशोर ने यह भी कहा कि जब शांभवी चौधरी चुनाव लड़ने गईं और इनकम टैक्स ने उनसे सवाल किए, तो अशोक चौधरी ने 27 अप्रैल 2025 को दत्त को ₹25 लाख और ट्रांसफर किए।
इसके अलावा, प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि अशोक चौधरी ने मानव वैभव विकास ट्रस्ट के नाम पर ₹200 करोड़ से भी अधिक की संपत्ति खरीदी। उन्होंने सवाल उठाया कि यह ट्रस्ट किससे जुड़ा है और इतनी बड़ी राशि का स्रोत क्या है।
कानूनी नोटिस और हफ्ते भर की डेडलाइन
अशोक चौधरी की तरफ से कानूनी नोटिस भेजा गया है, जिसमें प्रशांत किशोर से एक हफ्ते के भीतर सबूत पेश करने या सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए कहा गया है। नोटिस में साफ कहा गया है कि अगर यह नहीं किया गया तो पुलिस केस और मानहानि का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
मंत्री अशोक चौधरी का जवाब
अशोक चौधरी ने आरोपों को पूरी तरह झूठा और भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि जिन संपत्तियों पर बेनामी होने का आरोप लगाया गया, वे उनकी बेटी शांभवी चौधरी द्वारा वैध संसाधनों से खरीदी गई थीं और उनका विवरण चुनावी शपथ-पत्र में भी दर्ज है। इसलिए किसी तरह की बेनामी संपत्ति का सवाल ही नहीं उठता।
मंत्री ने यह भी कहा कि प्रशांत किशोर केवल राजनीतिक लाभ के लिए झूठे आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि किशोर की राजनीति में न तो ईमानदारी है और न ही जनसेवा का कोई लक्ष्य।
परिवार और ट्रस्ट को लेकर भ्रामक बातें कर रहे प्रशांत : मंत्री
अशोक चौधरी ने कहा कि प्रशांत किशोर ने उनके परिवार और ट्रस्ट को लेकर भी भ्रामक बयान दिए हैं, जो पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके परिवार और ट्रस्ट का प्रशांत किशोर से कोई संबंध नहीं है।
इन नेताओं पर भी प्रशांत किशोर ने लगाये थे आरोप
प्रशांत किशोर ने बीते समय बीजेपी के चार बड़े नेताओं के खिलाफ भी आरोप लगाए थे। इन नेताओं में मंगल पांडे, सम्राट चौधरी, संजय जायसवाल और जेडीयू के अशोक चौधरी शामिल हैं। इस विवाद ने बिहार की सियासी हलचलों को और तेज कर दिया है।
इसे भी पढ़ें : पुलिस पर गोलियां बरसाने वाला रात भर छुपा रहा जंगल में, कैसे धराया… बता गये SP… देखें वीडियो

