अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के खेलगांव इलाके में एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार छात्रा की मौत हो गई। यह हादसा आज यानी शुक्रवार सुबह करीब 6:45 बजे हुआ, जब सरला बिरला स्कूल की एक बस ने तेज रफ्तार में स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्रा स्कूटी समेत सड़क पर गिर गई और बस उसे कुचलते हुए आगे निकल गई। छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
भाई के साथ मंदिर जा रही थी कि तभी…
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय छात्रा अपने छोटे भाई को स्कूटी पर बैठाकर मंदिर पूजा के लिए जा रही थी। टक्कर के बाद उसका छोटा भाई सड़क के दूसरी ओर जा गिरा, जिससे उसकी जान बच गई। बताया जा रहा है कि छात्रा ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन बस का पहिया उसके सिर पर चढ़ गया, जिससे हेलमेट और सिर दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इससे उसकी ऑन द स्पॉट मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मृत छात्रा के पिता का नाम श्याम है, जो लालपुर के डिस्टलरी बाजार में मछली बेचने का काम करते हैं। घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस स्पॉट पर पहुंच गई है।
थानेदार ने कहा कि…
थानेदार अभिषेक कुमार ने बताया, “स्कूटी सवार एक लड़की की सड़क हादसे में मौत हुई है। इसके बाद लोगों ने गुस्से में सड़क जाम कर दी। हमने लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत किया है।” पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें : बिहार को मिली बम से दहलाने की धमकी, हाई अलर्ट पर पुलिस

