अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hajipur/Motihari : NIA ने बिहार में कई ठिकानों पर भोरे-भोर रेड मारी है। NIA की टीम ने वैशाली जिले के हाजीपुर और मोतिहारी समेत कई ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। इस दौरान हाजीपुर के डाक बंगला चौक स्थित ऑटो स्टैंड संचालक राजू राय के घर पर करीब 6 घंटे तक तलाशी अभियान चलाया गया। टीम ने घर के छत पर लगे वाटर टैंक, अलमारी, गोदरेज और बक्सों तक को खंगाला गया। हालांकि सूत्रों के अनुसार अब तक घर से कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ है। छापेमारी के बाद NIA ने राजू राय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। यह कार्रवई नागालैंड से AK-47 लाकर बिहार में बेचने के मामले को लेकर की जा रही है।
सुबह 4:30 बजे पहुंची NIA टीम
गुरुवार को भोरे-भोर लगभग 4:30 बजे NIA की छह सदस्यीय टीम स्थानीय पुलिस बल के साथ हाजीपुर पहुंची। इसके बाद डाक बंगला चौक स्थित राजू राय के घर छापेमारी शुरू की गई। इस दौरान इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई। स्थानीय लोग सहमे रहे और आसपास का इलाका सन्नाटे में डूबा रहा।
राजू सिंह के घर पर भी रेड
इसी केस में काजीपुर थाना क्षेत्र के घोसवर स्थित राजू सिंह के घर पर भी छापेमारी जारी है। NIA की कार्रवाई फिलहाल कई स्थानों पर एक साथ चल रही है।
देवमुनि की निशानदेही पर हुई छापेमारी
यह कार्रवाई मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी के मुखिया भोला राय के बेटे देवमुनि राय की निशानदेही पर की गई है। दिसंबर 2024 में NIA ने भोला राय के घर छापेमारी की थी, जहां पूछताछ के दौरान देवमुनि ने खुलासा किया था कि दो दिनों तक AK-47 हाजीपुर के राजू राय और राजू सिंह के घर पर रखी गई थी। इसी जानकारी के आधार पर गुरुवार को छापेमारी की गई।
पहले भी वकील संदीप सिन्हा के घर हुई थी छापेमारी
18 दिसंबर 2024 को भी NIA ने हाजीपुर स्थित पटना हाईकोर्ट के वकील संदीप कुमार सिन्हा उर्फ छोटू के घर छापेमारी की थी। उस दौरान टीम ने करीब 3 घंटे तक घर को खंगाला था। संदीप कुमार पर जमीन कारोबार के जरिए अवैध पैसों को निवेश करने का आरोप है। जांच में सामने आया है कि AK-47 की बिक्री से मिले पैसे को जमीन खरीदने में लगाया जाता था और इसमें वकील संदीप की महत्वपूर्ण भूमिका थी।
मई 2024 में बरामद हुई थी AK-47
बता दें कि इस साल 7 मई को बिहार एसटीएफ और जिला पुलिस ने वैशाली-मुजफ्फरपुर बॉर्डर से AK-47 बरामद की थी। उस समय तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें मुखिया का बेटा देवमुनि राय और हाजीपुर निवासी सत्यम शामिल थे। इनके पास से AK-47 के पार्ट्स और 3 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए थे। पूछताछ में विकास नामक आरोपी ने कबूल किया था कि वह नागालैंड के दीमापुर से अहमद अंसारी से AK-47 लाता है और मई में उसने कुढ़नी इलाके के देवमुनि को एक AK-47 बेची थी। बाद में देवमुनि के घर के पास श्मशान घाट से भी एक AK-47 बरामद की गई थी।
जमीन कारोबार और हथियार तस्करी का कनेक्शन
जांच एजेंसी को शक है कि AK-47 तस्करी से जुड़े पैसे को जमीन कारोबार में लगाया जा रहा है। यही कारण है कि NIA लगातार हाजीपुर और मुजफ्फरपुर के कई लोगों के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
इसे भी पढ़ें : बिहार में रेस हुई NIA, RJD नेत्री सहित इनके ठिकानों पर रेड

