अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ईमेल मिलने से खलबली मच गयी। ईमेल की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। सुरक्षा को देखते हुए सिविल कोर्ट परिसर को तुरंत खाली कराया गया। कोर्ट में मौजूद जज, वकील, कर्मचारी और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुछ समय के लिए अदालत का कामकाज भी रोक दिया गया।
बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की सघन जांच
मौके पर जगुआर की बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंची और पूरे कोर्ट परिसर की बारीकी से जांच शुरू की। इमारत के अंदर, बाहर और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
आने जाने वालों पर कड़ी नजर
सिविल कोर्ट के आसपास के इलाके में सुरक्षा घेरा बना दिया गया है। पुलिस हर आने जाने वाले की जांच कर रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
साइबर सेल ईमेल की जांच में जुटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल को भी जांच में शामिल किया गया है। ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन है, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
मौके पर मौजूद रहे आला अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और जांच पूरी होने के बाद आगे की जानकारी साझा की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : राजधानी में बिल्डर की दर्दनाक मौ’त… जानें

