अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए गुरुवार सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हो गया। विधानसभा के कमरा नंबर 142 में विधायक बैलेट पेपर के जरिए वोट डाल रहे हैं। सुबह से ही विधानसभा परिसर में राजनीतिक हलचल तेज है। एक-एक कर विधायक पहुंच रहे हैं और मतदान कर रहे हैं। चुनावी मुकाबला दो सीटों पर तीन उम्मीदवारों के बीच है। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि शाम तक किसके खाते में जीत जाएगी।
सुबह से विधानसभा में बढ़ी हलचल
राज्यसभा चुनाव को लेकर सुबह से ही विधानसभा परिसर में चहल-पहल रही। अलग-अलग दलों के विधायक तय समय पर विधानसभा पहुंचने लगे। मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से कराया जा रहा है। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि मतदान बिना किसी बाधा के पूरा हो सके। विधानसभा के कमरा नंबर 142 को मतदान केंद्र बनाया गया है। यहां सभी विधायक बारी-बारी से पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। राज्यसभा चुनाव में वोटिंग बैलेट पेपर के जरिए कराई जा रही है।
तीन उम्मीदवार मैदान में, दो सीटों पर मुकाबला
इस बार राज्यसभा की दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बैद्यनाथ राम को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस की ओर से प्रणव झा चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं उद्योगपति और निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इन तीनों उम्मीदवारों का भविष्य झारखंड विधानसभा के 81 विधायकों के वोट से तय होगा। यही वजह है कि चुनावी गणित को लेकर पूरे दिन राजनीतिक हलकों में चर्चा बनी हुई है।
परिमल नाथवानी ने किया जीत का दावा
निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी मतदान के दौरान विधानसभा पहुंचे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें कई विधायकों का समर्थन मिल रहा है और उन्हें पूरा भरोसा है कि वह चुनाव जीतेंगे। उनके इस दावे ने चुनाव को और दिलचस्प बना दिया है।
संख्या बल में महागठबंधन मजबूत
अगर विधानसभा के मौजूदा आंकड़ों पर नजर डालें तो महागठबंधन की स्थिति मजबूत दिखाई देती है। जेएमएम के पास 34 विधायक हैं, कांग्रेस के 16 विधायक हैं। राजद के 4 और भाकपा माले के 2 विधायक भी महागठबंधन के साथ हैं। इस तरह महागठबंधन के पास कुल 56 विधायकों का समर्थन है।
दूसरी ओर एनडीए के पास 24 विधायकों का समर्थन है। हालांकि राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की संभावना को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं चल रही हैं। इसी वजह से सभी दल अपने-अपने विधायकों पर नजर बनाए हुए हैं।
दोनों पक्षों ने जताई जीत की उम्मीद
भाजपा के पार्टी एजेंट अमर कुमार बाउरी ने दावा किया कि निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी को 35 विधायकों का समर्थन मिल रहा है और उनकी जीत तय है। वहीं भाकपा माले के पार्टी एजेंट हलधर प्रसाद और गीता मंडल ने कहा कि महागठबंधन के पास पर्याप्त संख्या बल है और दोनों सीटों पर उसके उम्मीदवार ही जीतेंगे।
शाम चार बजे तक वोटिंग, पांच बजे से होगी गिनती
मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। चुनाव आयोग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद देर शाम तक दोनों सीटों के नतीजे घोषित होने की उम्मीद है। फिलहाल विधानसभा में मतदान जारी है और पूरे राज्य की नजर इस चुनाव पर टिकी हुई है।
इसे भी पढ़ें : रांची RSS दफ्तर में मा’रा पेट्रोल बम, 18 घंटे के भीतर पुलिस ने दबोचा

