अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bokaro : बोकारो के चास नगर निगम क्षेत्र में मतदान के दौरान बूथ संख्या 32 पर अचानक अफरा-तफरी मच गई। वोटिंग चल ही रही थी कि कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। माहौल इतना गरमा गया कि बीच-बचाव करने पहुंचे चास SDPO प्रवीण सिंह भी घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तुरंत चास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
रोकने गए अफसर पर ही हमला
बताया जा रहा है कि कुछ लोग अपने प्रत्याशी के पक्ष में जबरन मतदान कराने की कोशिश कर रहे थे। जब पुलिस ने स्थिति संभालने की कोशिश की और चास SDPO प्रवीण सिंह मौके पर पहुंचे, तो उन पर ही हमला कर दिया गया। इस दौरान धक्का-मुक्की और मारपीट हुई, जिसमें वे घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, कुछ देर के लिए बूथ पर तनाव का माहौल बन गया था।
एसपी पहुंचे दलबल के साथ
घटना की सूचना मिलते ही बोकारो एसपी हरविंदर सिंह तुरंत बूथ नंबर 32 पर पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले को गंभीरता से लिया और साफ कहा कि माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। एसपी ने बताया कि कुछ लोगों को डिटेन किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही बूथ पर हुई वीडियो रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।

महिला प्रत्याशी ने भी लगाए आरोप
इस बीच वार्ड संख्या 32 की एक महिला प्रत्याशी ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कुछ लोग गलत तरीके से वोट डलवाने की कोशिश कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट करने की कोशिश की गई। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया गया और माहौल को भटकाने की कोशिश की जा रही है।
जांच जारी, माहौल पर नजर
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बूथ पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और बाकी मतदान शांतिपूर्ण तरीके से कराने की कोशिश की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : दो सगे भाइयों की ह’त्या से दहली राजधानी, कपड़े उतरवा कर गोलियों से भूना



