अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड निकाय चुनाव के मतदान दिवस पर राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। सोमवार को सीआईडी के ADG सह रांची जोनल आईजी मनोज कौशिक खुद मैदान में उतरे और शहर के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उनके साथ रांची एसएसपी राकेश रंजन, रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह भी मौजूद रहे।
संवेदनशील इलाकों पर खास नजर
निरीक्षण के दौरान ADG ने खास तौर पर उन इलाकों का दौरा किया, जिन्हें संवेदनशील माना गया है। उन्होंने वहां तैनात पुलिस बल से सीधे बातचीत की और स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों को साफ निर्देश दिया गया कि किसी भी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए। पुलिस की गश्ती व्यवस्था, क्विक रिस्पांस टीम की तैनाती और बूथों के आसपास की गतिविधियों पर भी बारीकी से नजर डाली गई।
सुरक्षा व्यवस्था की ली गई समीक्षा
ADG मनोज कौशिक ने पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की। किस बूथ पर कितनी फोर्स लगाई गई है, कहां अतिरिक्त जवानों की जरूरत है और किस इलाके में विशेष सतर्कता बरतनी है, इन सभी बिंदुओं पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी तरह की अफवाह या माहौल बिगाड़ने की कोशिश पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ट्रैफिक और लॉ एंड ऑर्डर पर भी फोकस
चुनाव के दौरान शहर में ट्रैफिक व्यवस्था भी चुनौती बनती है। इसे देखते हुए ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने भी प्रमुख मार्गों और मतदान केंद्रों के आसपास की व्यवस्था का जायजा लिया। कोशिश यही रही कि मतदाताओं को आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो।
स्थानीय अधिकारियों की भी रही मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान संबंधित इलाकों के डीएसपी, थाना प्रभारी और अन्य पुलिस पदाधिकारी व जवान भी मौके पर मौजूद रहे। सभी को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्क रहने और लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा गया। कुल मिलाकर मतदान दिवस पर रांची में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम देखने को मिले। प्रशासन की कोशिश साफ है कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत सोरेन ने पत्नी कल्पना संग डाला वोट, बोले- घर से निकलें, वोट जरूर करें



