अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : पटना जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में बीती रात एक शादी का रिसेप्शन देखते ही देखते खौफनाक वारदात में बदल गया। खेत के पास खाली जमीन पर पंडाल सजा था। लोग खाना खा रहे थे, कुछ कुर्सियों पर बैठकर गपशप कर रहे थे। माहौल पूरी तरह जश्न का था। इसी बीच 10 से 12 की संख्या में हथियारबंद अपराधी वहां आ धमके। किसी को कुछ समझ आता, उससे पहले ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की आवाज से अफरातफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
पहले छोटे भाई को बनाया निशाना
हमले में सबसे पहले 20 वर्षीय रंजीत राय को निशाना बनाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बदमाशों ने उसे पहचान लिया था। उस पर लगातार गोलियां चलाई गईं। गोली लगते ही वह चिल्लाया, “हाय मार दिया रे…” और जमीन पर गिर पड़ा। कुछ ही पलों में उसका शरीर खून से लथपथ हो गया।
बड़े भाई को घसीट कर ले गए
छोटे भाई को गिरता देख 25 वर्षीय मनीष राय घबरा गया। इसी दौरान अपराधियों ने उसे पकड़ लिया। वह जान की भीख मांगता रहा, लेकिन हमलावरों पर कोई असर नहीं हुआ। बदमाशों ने उसकी शर्ट का कॉलर पकड़ लिया और घसीटते हुए पंडाल से बाहर ले गए। घसीटने के दौरान उसकी शर्ट के बटन टूट गए, लेकिन अपराधियों ने उसे नहीं छोड़ा।
ट्यूबवेल के पास ले जाकर मारी पांच गोलियां
मनीष को पास के खेत में लगे ट्यूबवेल के पास ले जाया गया। वहां उसे धमकाते हुए कपड़े खुलवाए गए और फिर बेहद करीब से एक साथ पांच गोलियां दाग दी गईं। इसके बाद सभी बदमाश कच्चे रास्ते से फरार हो गए।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण दोनों भाइयों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें एनएमसीएच रेफर किया गया, लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। शादी की खुशी कुछ ही मिनटों में मातम में बदल गई।
मौके से मिली गोलियां, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से 7.65 एमएम पिस्टल के एक दर्जन से ज्यादा खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान के लिए छानबीन की जा रही है। गांव के कुछ लोगों पर शक जताया जा रहा है। फिलहाल पूरे शाहपुर गांव में दहशत का माहौल है। दो जवान बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : वांटेड को दबोचने गयी STF टीम पर हमला, दो पिस्टल भी छीना



